10 अक्टूबर को आश्विन कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि और शनिवार का दिन है। रात 9 बजकर 43 मिनट तक हस्त नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा शनिवार को रात 10 बजकर 3 मिनट तक इंद्र योग रहेगा। ज्योतिष में हस्त नक्षत्र और इंद्र योग के दौरान किए जाने वाले कुछ उपायों का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इन उपायों को करने से धन की तंगी, कारोबार और पारिवारिक जीवन की समस्याओं से राहत पाने में मदद मिल सकती है। आचार्य इंदु प्रकाश ने धन लाभ से लेकर सुख-समृद्धि की कामना तक के लिए कुछ उपाय बताए हैं। आइए जानते हैं हस्त नक्षत्र में किए जाने वाले इन उपायों के बारे में।
हस्त नक्षत्र के उपाय
- मानसिक परेशानी से राहत: अगर आपको हमेशा किसी न किसी प्रकार की मानसिक परेशानी बनी रहती है, तो उससे बचने के लिए हस्त नक्षत्र में आप जिस कमरे में सोते हैं, वहां एक मिट्टी के दीये में 2 कपूर जलाएं। पूरे कमरे में उसकी धूप दिखाने के बाद उसे एक कोने में रख दें।
- प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता
- अगर आप कोई प्रतियोगिता परीक्षा देने जा रहे हैं, तो उसमें अपनी सफलता सुनिश्चित करने के लिए हस्त नक्षत्र में रीठा के पेड़ की जड़ में जल चढ़ाएं और सफलता हासिल करने के लिए पेड़ की जड़ को छूकर प्रणाम करें।
- धन लाभ: अगर आप चाहते हैं कि आपकी तिजोरी हमेशा भरी रहें, तो इसके लिए हस्त नक्षत्र में चांदी की अंगूठी बनवाकर अपने दाएं हाथ की उंगली में धारण करें। वहीं, अगर पैसा जरूरत से ज्यादा खर्च होता है या अच्छी कमाई के बावजूद बचत नहीं हो पाती, तो हस्त नक्षत्र में रीठा के पेड़ के पास जाकर नमस्कार करें और चंद्रमा के मंत्र "ऊँ श्रां श्रीं श्रौं सः चन्द्रमसे नमः" का 5 बार जाप करना चाहिए।
- सुख-समृद्धि का उपाय: अगर आप चाहते हैं कि घर में स्थायी रूप से सुख-समृद्धि बनी रहे, तो हस्त नक्षत्र में घर में श्वेत दक्षिणावर्त शंख की स्थापना करें और रोज पूजा के समय उस शंख का उपयोग करें।
- परिवार में सामंजस्य: अगर परिवार के सदस्यों के बीच किसी भी बात को लेकर सामंजस्य नहीं बन पाता, तो इसके लिए हस्त नक्षत्र में रीठा का पेड़ घर के बाहर लगाएं और रोज उसकी देखभाल करें।
- आर्थिक परेशानी से बचाव: अगर आर्थिक परेशानी है और आप अपने कार्यों में बार-बार असफल हो रहे हैं, तो इसके लिए हस्त नक्षत्र में एक सफेद कोरा कागज लें और उस पर 4 कपूर की टिकिया रखकर शाम के समय घर के बाहर जला दें।
- कारोबार में लाभ: अगर आपका व्यापार किसी दूसरे शहर या राज्य में है और आपको अधिक मुनाफा नहीं मिल पा रहा है, तो हस्त नक्षत्र में सफेद सुगंधित पुष्प वाला पौधा गमले में लगाएं। इस गमले को ऑफिस की पूर्व दिशा में रखें।
- नया वाहन या कारोबार के लिए: अगर आप नया वाहन खरीदने या नया बिजनेस शुरू करने की सोच रहे हैं, तो हस्त नक्षत्र में यह उपाय करें। काम की शुरुआत से पहले अपने घर में चांदी की कोई वस्तु लाएं या चांदी का चौकोर टुकड़ा अपने पास रखें।
- वास्तु दोष से बचाव: अगर आपके निवास स्थान पर कोई वास्तु दोष है, जिससे आपको कई तरह की परेशानियां महसूस होती हैं, तो इससे बचने के लिए हस्त नक्षत्र में शिव मंदिर में जाकर शिवलिंग पर दूध चढ़ाएं और अपने घर की परेशानी दूर करने के लिए प्रार्थना करें।
- कारोबार में तरक्की: अगर लाख परिश्रम के बाद भी आपके कारोबार की गति ठीक से नहीं चल रही है और आपको मन मुताबिक फायदा नहीं मिल पा रहा है, तो इसके लिए हस्त नक्षत्र में सवा किलो चावल या चांदी का दान करना चाहिए।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें: शारदीय नवरात्रि 2026 कैलेंडर: 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं नवरात्र, नोट करें सभी तिथियां और अष्टमी-नवमी की सही डेट