हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार हाथ की उंगलियों पर बने कुछ चिह्न शुभता का प्रतीक माने जाते हैं। इन चिह्नों को सामुद्रिक शास्त्र में भी अच्छा माना जाता है। ये चिह्न व्यक्ति को भाग्यशाली भी बनाते हैं और करियर से लेकर पारिवारिक जीवन में भी शुभ परिणाम इन निशानों के होने से मिल सकते हैं। आज हम आपको इन्हीं चिह्नों के बारे में बताने जा रहे हैं।
उंगलियों में चक्र का निशान
उंगलियों के पहले पोर पर (नाखून वाला हिस्सा) अगर चक्र का निशान बना हो तो इसे हस्तरेखा शास्त्र में बेहद शुभ माना जाता है। पहले पोर बना चक्र व्यक्ति की अच्छी बौद्धिक क्षमता को दर्शाता है। इसके साथ ही ऐसे लोग शिक्षा और करियर के क्षेत्र में भी ऊंचाइयां छूते हैं। सामाजिक स्तर पर ऐसे लोगों को मान-सम्मान की प्राप्ति होती है और पारिवारिक जीवन भी सुखद रहता है। जीवन में कभी-न-कभी ऐसे लोग उच्च पद अवश्य प्राप्त कर सकते हैं।
शंख का निशान
उंगलियों के किसी भी पोर पर शंख का निशान बना हो तो व्यक्ति को भाग्यशाली माना जाता है। शंख का निशान होने से व्यक्ति को जीवन में खूब मान-सम्मान की प्राप्ति हो सकती है। ऐसे लोग अक्सर बहुत गंभीर स्वभाव के और धर्म की राह पर चलने वाले माने जाते हैं। उच्च शिक्षा ऐसे लोग प्राप्त कर सकते हैं। शंख का निशान होने पर व्यक्ति को करियर और आर्थिक क्षेत्र में भी शुभ परिणाम प्राप्त होते हैं।
कमल का निशान
हथेली में कमल का निशान हथेली और उंगलियों के मिलान बिंदू पर छोटी-छोटी रेखाओं से बनता है। इसे हस्तरेखा शास्त्र में बेहद शुभ निशान माना जाता है। यह निशान दर्शाता है कि व्यक्ति सात्विक जीवन जीने वाला और उच्च विचारों वाला होगा। ऐसे लोगों की आर्थिक स्थिति अच्छी होती है और साथ ही अचानक से धन लाभ भी इनको जीवन में प्राप्त हो सकता है। ऐसे लोग सामाजिक स्तर पर भी प्रतिष्ठित हो सकते हैं। मेहनती और अनुशासित होने के चलते इन्हें करियर के क्षेत्र में भी शुभ परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।
उंगलियों पर सीधी और स्पष्ट रेखाएं
जिन लोगों की उंगलियों पर रेखाएं सीधी और स्पष्ट होती हैं उन्हें स्पष्टतावादी और सकारात्मक सोच वाला माना जाता है। हथेली में जिस भी उंगली पर रेखाएं सीधी होंगी उस उंगली से संबंधित ग्रह के शुभ परिणाम व्यक्ति को मिल सकते हैं। उदाहरण के लिए अगर शनि की उंगली यानि मध्यमा उंगली पर सीधी और स्पष्ट रेखाएं हैं तो व्यक्ति न्याप्रिय, अनुशासित, कर्मठ और समझदार होगा। अगर आप शनि पर्वत और इससे करियर पर पड़ने वाले असर के बारे में जानना चाहते हैं तो विस्तार से हमारी वेबसाइट पर पढ़ सकते हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
हस्तरेखा: भाग्यशाली लोगों के हाथ में होती है ऐसी शनि रेखा, दिलाती है कुबेर की कृपा, चेक करें अपना हाथ