1. Hindi News
  2. धर्म
  3. मोती पहनने से पहले जान लें ये नियम, इन राशियों के लिए बन सकता है नुकसान की वजह

मोती पहनने से पहले जान लें ये नियम, इन राशियों के लिए बन सकता है नुकसान की वजह

मोती को चंद्रमा का रत्न माना जाता है, लेकिन यह हर व्यक्ति के लिए लाभकारी नहीं होता। ज्योतिष अनुसार कुछ राशियों और लग्न के लोगों को इसे पहनने से बचना चाहिए। जानिए किन लोगों के लिए मोती शुभ है और इसे धारण करने से पहले किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

Pearl Gemstone- India TV Hindi
Image Source : PINTEREST मोती किसे नहीं पहनना चाहिए

रत्न पहनने का चलन लंबे समय से चला आ रहा है, लेकिन यह केवल फैशन नहीं है। ज्योतिष में इसे ग्रहों के प्रभाव से जोड़कर देखा जाता है। यही वजह है कि किसी भी रत्न पहनने से पहले उसकी उपयुक्तता जान लेना जरूरी माना गया है। आज हम बात कर रहे हैं मोती (Pearl) की। हर किसी के लिए मोती शुभ नहीं होता। ये रत्न कुछ लोगों को शुभ परिणाम देता है, जबकि कुछ के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। जानिए किन राशियों के लोग भूलकर भी न पहनें ये रत्न। 

चंद्रमा से है संबंध

ज्योतिष में मोती को चंद्रमा का प्रतिनिधि रत्न माना है। चंद्रमा मन, भावनाओं और मानसिक स्थिति का कारक है। जिन लोगों की कुंडली में चंद्रमा कमजोर होता है, उनके लिए मोती लाभकारी होता है। इसे पहनने से मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और आत्मविश्वास बढ़ने की मान्यता है।

इन राशियों के लिए नहीं है सही

ज्योतिष के जानकारों के अनुसार, हर व्यक्ति को मोती पहनने की सलाह नहीं दी जाती। जिनकी कुंडली में शुक्र, बुध या शनि का प्रभाव बहुत ज्यादा होता है, उन्हें यह रत्न सूट नहीं करता। खासतौर पर वृषभ, मिथुन, कन्या, मकर और कुंभ राशि या लग्न के जातकों को बिना सलाह के मोती नहीं पहनना चाहिए। क्योंकि कुंडली में ग्रहों की स्थिति, दशा और योग का आकलन के बाद ही जरूरी रत्न पहनने की सलाह दी जाती है। तभी रत्न धारण करने का पूरा लाभ मिलता है और संभावित नकारात्मक प्रभावों से भी बचा जा सकता है।

रत्नों का सही मेल जरूरी

मोती पहनते समय दूसरे रत्नों का भी ध्यान रखना चाहिए। इसे हीरा, पन्ना, नीलम और गोमेद के साथ पहनना उचित नहीं माना गया है। वहीं, पुखराज और मूंगा के साथ मोती का संयोजन शुभ बताता है और इससे सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना बढ़ती है।

इन लोगों के लिए फायदेमंद है मोती

मेष, कर्क, वृश्चिक और मीन राशि या लग्न वाले लोगों के लिए मोती शुभ माना गया है। माना जाता है कि यह मानसिक स्थिरता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है। वहीं सिंह, तुला और धनु लग्न के जातक भी विशेष परिस्थितियों में इसे धारण कर सकते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय कुंडली के विश्लेषण के बाद ही लेना चाहिए।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें: सावन की शिवरात्रि कब है? नोट कर लें जल चढ़ाने का सही समय और पूजा मुहूर्त