सोमवार से रविवार तक, आपका जन्म किस दिन हुआ? इसके अनुसार जानें अपने और दूसरों के नेचर के बारे में
आपका जन्म किस वार को हुआ है इससे भी आपके व्यक्तित्व के बारे में काफी कुछ पता चलता है। आज हम आपको इसी के बारे में आपको विस्तार से जानकारी देंगे।

ज्योतिष शास्त्र में आपकी जन्म की तारीख के साथ ही जन्म के वार से भी काफी कुछ जानकारियां प्राप्त होती हैं। जन्म का वार और उस वार के स्वामी का गहरा प्रभाव आपके जीवन पर देखने को मिल सकता है और इसके जरिए पता चलता है कि आपका व्यक्तित्व कैसा होगा और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आपको कैसे परिणाम मिलेंगे। आइए ऐसे में जान लेते हैं कि सोमवार से लेकर रविवार तक जन्मे लोगों की खूबियां और कमजोरियां क्या होती हैं।
सोमवार को जन्म लेने वालों का व्यक्तित्व
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सोमवार को जन्म लेने वाले लोगों पर चंद्र ग्रह का प्रभाव देखने को मिलता है। ऐसे लोग चंचल और रचनात्मक हो सकते हैं। भाग्य का इनको भरपूर सहयोग मिलता है। हालांकि सोमवार के जन्म लेने वालों को छोटी-छोटी बातें भी चुभती हैं और अत्यधिक भावुक ये हो सकते हैं। पारिवारिक जीवन के साथ ही सामाजिक स्तर पर भी रिश्तों को निभाने में इन्हें परेशानियां आ सकती हैं। ये लोग कल्पानाशील होते हैं और इसलिए कला के क्षेत्रों में सफलता पा सकते हैं।
मंगलवार को जन्म लेने वालों का व्यक्तित्व
मंगलवार को जन्म लेने वाले लोग ऊर्जावान और अच्छे लीडर माने जाते हैं। कड़ी मेहनत करना इनके व्यक्तित्व का प्रमुख गुण होता है, इसीलिए सफलता भी जीवन में ये प्राप्त करते हैं। खेलकूद के मैदानों में ये अव्वल रह सकते हैं और साथ ही सेना, पुलिस आदि में भी ऐसे लोगों को देखा जा सकता है। हालांकि, मंगलवार को जन्म लेने वाले लोगों पर मंगल का प्रभाव होता है ऐसे में ये क्रोधी स्वभाव के हो सकते हैं। वहीं इन्हें वाहन चलाते समय भी सावधान रहना चाहिए। बेवजह का जोखिम उठाने से भी ऐसे लोगों को बचना चाहिए।
बुधवार को जन्म लेने वालों का व्यक्तित्व
बुधवार को जन्म लेने वाले लोगों पर बुध ग्रह का प्रभाव देखने को मिलता है। ये थोड़े चंचल हो सकते हैं लेकिन तार्किक और बाद्धिक कौशल इनके अंदर कूट-कूटकर भरा रहता है। अक्सर 24 साल की आयु के बाद इन्हें करियर के क्षेत्र में सफलता प्राप्त होती है। हालांकि इनका बुरा पक्ष है इनका अहंकार, ये लोग अपने से ऊपर किसी को नहीं समझते और इसलिए सामाजिक स्तर पर कभी-कभी ये अलग-थलग नजर आ सकते हैं। अहंकार पर ये काबू रखें तो बड़ी सफलता इनको प्राप्त हो सकती है।
गुरुवार को जन्म लेने वालों का व्यक्तित्व
जिन लोगों का जन्म गुरुवार के दिन होता है उन्हें ज्ञानी और परोपकारी माना जाता है। ऐसे लोग अपने सौम्य व्यवहार से सामाजिक स्तर पर ख्याति प्राप्त करते हैं। इनकी वाणी हर किसी को प्रभावित कर सकती है। शिक्षा, कारोबार, लेखन आदि के क्षेत्रों में ये बड़ी सफलता पा सकते हैं। हालांकि सेहत को लेकर लापरवाही इन्हें भारी पड़ती है। साथ ही ये लोग किसी पर भी बहुत जल्दी विश्वास कर देते हैं और इसके कारण धोखा भी इनको मिल सकता है। गुरु के प्रभाव के कारण भाग्य इनका खूब सहयोग करता है। ऐसे लोग धार्मिक प्रवृति के हो सकते हैं।
शुक्रवार को जन्म लेने वालों का व्यक्तित्व
शुक्रवार को जन्म लेने वाले लोग भौतिक सुख जीवन में प्राप्त करते हैं। ये लोग अच्छा खाना, अच्छा पहनना और घूमना बेहद पसंद करते हैं। इसके साथ ही शुक्र ग्रह के प्रभाव के कारण रचनात्मक क्षेत्रों में भी इनको सफलता प्राप्त होती है। अभिनय, गायन, वादन आदि में भी इनको जबरदस्त परिणाम मिलने की संभावना होती है। हालांकि गलत संगति और बुरी लत से इनको बचकर रहना चाहिए। इनका लापरवाह रवैया कई बार जीवन में बुरी स्थिति में इनको डाल सकता है।
शनिवार को जन्म लेने वालों का व्यक्तित्व
शनिवार को जन्म लेने वाले लोगों को संघर्ष का सामना जीवन में करना पड़ सकता है। शनि के प्रभाव के कारण ज्यादा मेहनत करने के बाद भी इनको वैसे परिणाम नहीं मिलते जिसकी ये उम्मीद करते हैं। हालांकि संघर्षों के कारण ये जीवन में काफी कुछ सीखते हैं और ज्ञानी होते हैं। शनि के प्रभाव के चलते इन्हें न्यायप्रिय और आदर्शवादी माना जाता है। 40 की उम्र के बाद बड़ी सफलता ये जीवन में अर्जित कर सकते हैं। हालांकि गलत संगति और नशे से इनको दूर रहना चाहिए। शनिवार को जन्म लेने वाले लोग अक्सर अपने जन्मस्थान से दूर जाकर सफलता प्राप्त करते हैं।
रविवार को जन्म लेने वालों का व्यक्तित्व
जिन लोगों का जन्म रविवार को होता है उन पर सूर्य ग्रह का प्रभाव देखने को मिलता है। इस दिन जन्म लेने वाले लोग आत्मविश्वास से भरे रहते हैं और निडर होते हैं। ऐसे लोगों को अच्छा लीडर माना जाता है और राजनीति के क्षेत्र में ये सफल हो सकते हैं। इसके साथ ही सामाजिक स्तर पर भी इनको मान-सम्मान प्राप्त होता है। सरकारी क्षेत्रों में ये ऊंचे पदों पर पहुंच सकते हैं। हालांकि इन लोगों को सेहत को लेकर सतर्क रहना चाहिए, खासकर आंख और पेट से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं इनको हो सकती हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
Lal Kitab Upay: लाल किताब के अनुसार घर में जरूर रखें ये 3 चीजें, उन्नति और धन लाभ के बनने लगेंगे योग