1. Hindi News
  2. धर्म
  3. सपने में दिखें भूखे, प्यासे या बिना कपड़ों के पितर तो तुरंत करें ये काम, जानें इसका बड़ा संकेत

सपने में दिखें भूखे, प्यासे या बिना कपड़ों के पितर तो तुरंत करें ये काम, जानें इसका बड़ा संकेत

अगर सपने में आपको अपने पूर्वज भूखे, प्यासे या बिना कपड़ों के दिखाई दिए हैं, तो इस सपने को नजरअंदाज न करें। जानें पितरों के इस बड़े संकेत का अर्थ और इससे जुड़े खास उपाय।

pitru paksha- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सपने में पितरों को भूखे, प्यासे या बिना कपड़ों के देखना अशुभ

पितृ पक्ष की शुरुआत 26 सितंबर से हो रही है, जिसका समापन 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या के दिन होगा। इस 16 दिनों की अवधि में लोग अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनका तर्पण व श्राद्ध कर्म करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितृ पक्ष के दौरान हमारे मृत परिजन पृथ्वी पर हमसे मिलने आते हैं इसलिए इस दौरान किया गया तर्पण और दान अत्यंत फलदायी माना जाता है। अक्सर लोगों को सपने में अपने मृत परिजन दिखाई भी देते हैं। क्या आपको भी सपने में पितर भूखे, प्यासे या बिना वस्त्रों के दिखे हैं? यदि हां, तो जान लें इस तरह के सपने का असली मतलब।

सपने में पितरों को भूखे, प्यासे या बिना कपड़ों के देखने का अर्थ

अगर पितर सपने में भूखे, प्यासे, बिना कपड़ों के, बीमार या दुखी दिखें, तो यह एक अशुभ संकेत है। कुछ मान्यताओं अनुसार यह सपना इस बात का संकेत देता है कि आपके पितर आपसे नाराज हैं। ऐसे में आपको उन्हें मनाने के उपाय करने चाहिए। इस तरह के सपनों का बार-बार आना भयंकर पितृ दोष से पीड़ित होने का भी संकेत देता है। कहते हैं अगर पितर नाराज हैं तो व्यक्ति को जीवन में तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है इसलिए अगर कभी भी इस तरह के सपने आएं तो कुछ उपाय तुरंत ही कर लेने चाहिए।

तुरंत करें ये उपाय

  • यदि सपने में पितर परेशान दिख रहे हैं या आपसे कुछ मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं, तो अगली सुबह स्नान के बाद तांबे के लोटे में शुद्ध जल लें और उसमें थोड़ा सा गंगाजल, काले तिल व कुशा मिलाएं। इसके बाद दक्षिण दिशा की ओर मुख करके जल को अंगूठे और तर्जनी उंगली के बीच के स्थान से धीरे-धीरे अर्पित करें। कहते हैं इस उपाय से पितरों को तुरंत शांति मिल जाती है।
  • उनके नाम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को उनकी पसंद का भोजन जरूर कराएं। साथ ही कुछ न कुछ दान भी करें। 
  • यदि सपने में पितर नाराज दिख रहे हैं तो उनसे अनजाने में हुई गलतियों की क्षमा प्रार्थना करें।
  • पितरों का श्राद्ध जरूर करें और हर अमावस्या पर उनके नाम से कुछ न कुछ दान भी अवश्य करना चाहिए।

पितरों का ऐसा सपना शुभ

यदि सपने में कोई पूर्वज आपके सिर पर हाथ फेरते या आशीर्वाद देते हुए दिखाई दे तो समझ जाएं कि आपका अच्छा समय शुरू होने वाला है। यह सपना जीवन की किसी बड़ी परेशानी का अंत होने का संकेत देता है।  

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

यह भी पढ़ें:

इन 4 नक्षत्रों में जन्मे बच्चे माने जाते हैं भाग्यशाली, जीवन में पाते हैं अपार सफलता और प्रसिद्धि