1. Hindi News
  2. धर्म
  3. पूजा के दौरान सिर ढकना क्यों है जरूरी? जान लें इसका धार्मिक महत्व

पूजा के दौरान सिर ढकना क्यों है जरूरी? जान लें इसका धार्मिक महत्व

हिंदू धर्म में पूजा-पाठ के दौरान सिर ढककर रखने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। हालांकि, बहुत कम लोग हैं जो इसका असली कारण जानते हैं। आज इसी विषय में हम आपको विस्तार से जानकारी देंगे।

Pujan Niyam- India TV Hindi
Image Source : PINTEREST पूजा के दौरान सिर ढकना क्यों है जरूरी

हिंदू धर्म में पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़े कई नियमों में से एक यह भी है कि पूजा के दौरान सिर को ढककर रखना चाहिए। आपके बड़े-बुजुर्गों के द्वारा भी आपको कभी-न-कभी यह सलाह दी गई होगी कि पूजा के दौरान सिर को रुमाल आदि से ढक लें। हालांकि, बहुत कम ही लोग ऐसे होंगे जिन्होंने यह जानने की कोशिश की होगी कि आखिरी सिर को ढकना जरूरी क्यों है। अगर आप भी उनमें से ही एक हैं तो आज हम आपको बताने वाले हैं कि आखिर क्यों पूजा के दौरान सिर को ढका जाता है। 

योग और आध्यात्मिक दृष्टि से सिर ढकने का महत्व 

योग और आध्यात्मिक ग्रंथों में बताया गया है कि सिर के मध्य में ब्रह्मरंध्र होता है जिसे सातवें चक्र के रूप में भी जाना जाता है। इस चक्र में शरीर की सकारात्मक ऊर्जा संचित रहती है। पूजा और धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और यह ऊर्जा भी ब्रह्मरंध्र में ही संचित होती है। सकारात्मक ऊर्जा शरीर में ही बनी रहे ब्रह्मरंध्र से निकलकर इसका क्षय न हो इसलिए पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठान, योग आदि के दौरान सिर को ढकने की सलाह दी जाती है। 

ईश्वर के प्रति सम्मान का भाव 

हिंदू धर्म की मान्यताओं के मतानुसार, पूजा के दौरान सिर को ढककर आप ईश्वर के प्रति आदर और सम्मान प्रकट करते हैं। ऐसा करने से आप अपने अहंकार को सर्वशक्तिमान के सामने त्याग देते हैं और प्रभु की शरण में खुद को समर्पित करते हैं। 

एकाग्रता के लिए 

मान्यताओं के अनुसार, पूजा के दौरान सिर ढकने से आपके मन की चंचलता कम होती है और मन एकाग्र अवस्था को प्राप्त करता है। सिर को ढककर रखने से आपका मन भगवान की भक्ति में रमता है। वहीं अगर सिर खुला हुआ हो तो चंचलता आप पर हावी हो सकती है और आपका मन भटक सकता है। 

पवित्रता बनाए रखने और नकारात्मकता को दूर करने के लिए 

पूजा के दौरान सिर के बाल पूजा सामग्री में न गिरें और पूजा बाधित न हो इसलिए पवित्रता बनाए रखने के लिए भी सिर को ढककर रखना सही माना जाता है। धार्मिक ग्रंथों में बताया गया है कि बाल नकारात्मकता को जल्दी आकर्षित भी करते हैं इसलिए पूजा के दौरान बालों को ढककर रखना चाहिए वरना नकारात्मक शक्तियां आपको प्रभावित कर सकती हैं। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें: 

गणपति के हर स्वरूप की पूजा से मिलते हैं अलग-अलग लाभ, सफलता-समृद्धि दिला सकते हैं ये विशेष मंत्र