A
Hindi News धर्म Sankashti Chaturthi Upay: संकष्टी चतुर्थी के ये उपाय बनाएंगे हर बिगड़ी बात, जीवन की विघ्न-बाधाएं भी होंगी दूर

Sankashti Chaturthi Upay: संकष्टी चतुर्थी के ये उपाय बनाएंगे हर बिगड़ी बात, जीवन की विघ्न-बाधाएं भी होंगी दूर

Sankashti Chaturthi Upay: संकष्टी चतुर्थी के दिन भगवान गणेश की पूजा के साथ ही कुछ उपाय भी आपके लिए बेहद शुभ साबित हो सकते हैं। इन उपायों को करने से आपकी मनोकामनाएं भी पूरी होती हैं और जीवन की विघ्न-बाधाएं भी दूर होती हैं।

Sankashti Chaturthi - India TV Hindi Image Source : FREEPIK संकष्टी चतुर्थी उपाय

Sankashti Chaturthi Upay: संकष्टी चतुर्थी के दिन भगवान गणेश की पूजा करने से शुभ फलों की प्राप्त होती है। मार्च के महीने में मासिक संकष्टी चतुर्थी 6 मार्च के दिन है। इस दिन भगवान गणेश की पूजा के साथ ही कुछ उपाय भी आपको अवश्य करने चाहिए। इन उपायों को करने से आपके जीवन की विघ्न-बाधाएं दूर होती है। इसके साथ ही विघ्न बाधाओं से भी आपको मुक्ति मिलती है। 

संकष्टी चतुर्थी के उपाय 

  • अगर आप किसी अच्छी कम्पनी में नौकरी की तलाश में हैं, तो संकष्टी चतुर्थी के दिन स्नान आदि के बाद घी में बेसन भूनकर या किसी और से भुनवाकर, उसमें पिसी हुई शक्कर मिलाकर प्रसाद तैयार कर लें। फिर भगवान को नमस्कार करके उस प्रसाद का भोग लगाएं। साथ ही भोग लगाने के बाद भगवान श्री गणेश की मूर्ति की तीन बार परिक्रमा करें। अगर मूर्ति के आस-पास इतना स्पेस न हो तो श्री गणेश का ध्यान करते हुए अपने स्थान पर ही तीन परिक्रमा कर लें। ऐसा करने से जल्द ही आपकी किसी अच्छी कम्पनी में नौकरी की तलाश पूरी होगी।
  • अगर आपके दाम्पत्य जीवन में खुशियों की जगह परेशानियों ने ले ली है, तो अपने सुखी दाम्पत्य जीवन के लिये आज श्री गणेश का पूजन करके तिल से हवन करें। आप चाहें तो किसी योग्य पंडित जी से हवन करा सकते हैं और अगर आपका इतना सामर्थ्य नहीं है तो आप स्वयं भी गाय के गोबर से बने कंडे पर सफेद तिलों की 108 आहुति देकर घर में छोटा-सा हवन कर सकते हैं। ऐसा करने से आपका दाम्पत्य जीवन हमेशा सुखी रहेगा। 
  • अगर आपको किसी भी काम में मेहनत के बावजूद सफलता नहीं मिल पा रही है तो अपने कामों में सफलता सुनिश्चित करने के लिये आज गणपति जी के इस सफलता प्राप्ति मंत्र का जप करें। मंत्र है- “गं गणपतये नमः” इस मंत्र का 11 बार जप करें और हर बार मंत्र बोलने के बाद भगवान को पुष्पांजलि अर्पित करें। इस प्रकार 11 बार मंत्र बोलते हुए, हर बार भगवान को पुष्पांजलि अर्पित करें।  ऐसा करने से आपको अपनी मेहनत का पूरा फल जरूर मिलेगा। साथ ही आपके जीवन की विघ्न बाधाएं भी दूर होती हैं और बिगड़े काम भी बनते हैं।
  • अगर आपके परिवार के किसी सदस्य की तबीयत कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही है, तो आज 3 गोमती चक्र, 11 नागकेशर के जोड़े और 7 कौड़ियां एक सफेद रंग के कपड़े में बांधकर जिस व्यक्ति का स्वास्थ्य खराब है उस व्यक्ति के सिर के ऊपर से 6 बार क्लॉक वाइज और एक बार एंटी क्लॉक वाइज वारकर श्री गणेश के मन्दिर में चढ़ा दें। ऐसा करने से व्यक्ति की स्वास्थ्य में जल्द ही सुधार आयेगा।
  • अगर आपका कोई शत्रु आपको बहुत ज्यादा परेशान कर रहा है और आपके कामों में अंडगा डाल रहा है, तो शत्रु से छुटकारा पाने के लिये आज बाजार से एक पान का पत्ता लेकर आयें और उस पान के पत्ते को अच्छे से साफ करके, उस पर हल्दी से सातिया, यानि स्वास्तिक का चिन्ह बनाकर भगवान गणेश को अर्पित करें और अपने शत्रु का नाम लेते हुए, उससे छुटकारा पाने के लिये भगवान से प्रार्थना करें। ऐसा करने से आपको जल्दी ही अपने शत्रुओं से छुटकारा मिलेगा।
  • अगर आप प्यार, पैसा और शोहरत, ये तीनों चीज़ें अपनी जिंदगी में एक साथ पाना चाहते हैं, तो संकष्टी चतुर्थी के दिन भगवान श्री गणेश के इस मंत्र का जप करें। मंत्र आप नोट भी कर सकते हैं। मंत्र है- “हस्तिपिशचिलिखे स्वाहा” भगवान गणेश के इस मंत्र का 51 बार जाप करें। ऐसा करने से आपको प्यार, पैसा और शोहरत सब कुछ मिलेगा। 
  • अगर आप अपने करियर में दिनों-दिन सफलता पाना चाहते हैं, तो उसके लिये संकष्टी चतुर्थी के दिन स्नान आदि से निवृत्त होकर एक लोटा जल लें और उस जल में दूर्वा डालकर भगवान गणेश की प्रतिमा के सामने रख दें। फिर विधि-पूर्वक भगवान की पूजा करें। पूजा के बाद उस पानी के लोटे को ढंककर वहीं भगवान श्री गणेश के सामने रखा रहने दें और शाम के समय जब चन्द्रोदय हो, तो उस पानी से चन्द्रमा को अर्घ्य दें और हाथ जोड़कर चन्द्र देव को नमस्कार करें। एक बार फिर से याद दिला दूं कि- चन्द्रोदय आज रात 8 बजकर 5 मिनट पर है। ये उपाय करने से आपको अपने करियर में दिनों-दिन सफलता मिलेगी। 
  • अगर आप अपनी आर्थिक स्थिति को सुधारना चाहते हैं, तो आज गणेश पूजा के समय 5 गोमती चक्र लेकर, उन्हें हल्दी से पीला करके भगवान के चरणों में रख दें और धूप-दीप आदि से भगवान की पूजा के बाद उन गोमती चक्र को एक पीले रंग के कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी में या अपने धन वाले स्थान पर रख दें। ऐसा करने से आपकी आर्थिक स्थिति में जल्द ही सुधार आयेगा। 
  • अगर आप अपने जीवन की गति को सामान्य रूप से बनाये रखना चाहते हैं, तो उसके लिये संकष्टी चतुर्थी के दिन भगवान श्री गणेश और लक्ष्मी जी की एक साथ ऐसी तस्वीर या पोस्टर घर में लाएं, जिसमें तस्वीर के बायीं और दायीं, दोनों तरफ हाथी की सूंड उठाये हुए फोटो बनी हो। लेकिन अगर आपको ढूंढने के बाद भी बाजार में ऐसी तस्वीर न मिल पाये, तो इंटरनेट से ऐसी फोटो डाउनलोड करके, उसका प्रिंट निकलवाकर अपने घर में लगा लें। ऐसा करने से आपके जीवन की गति हमेशा बनी रहेगी। 
  • अगर आपकी जिंदगी में सुख-शांति की जगह उलझने और परेशानियों ने ले ली है, तो आज भगवान गणेश को दुर्वा अर्पित करके गणेश गायत्री मंत्र का जाप करें। भगवान गणेश का गायत्री मंत्र इस प्रकार है- एकदंताय विद्महे, वक्रतुण्डाय धीमहि, तन्नो दंती प्रचोदयात्।। ऐसा करने से अपने जीवन में सुख-शांति बनी रहेगी। 
  • अगर आपकी कोई विशेष इच्छा है, जिसे पूरा करने के लिये आप बहुत दिनों से जुटे हुए हैं तो अपनी वह विशेष इच्छा पूरी करने के लिये संकष्टी चतुर्थी के दिन श्री गणेश के सामने घी का एक और तेल का एक दीपक जलाएं। घी का दीपक देवताओं के लिये होता है, जबकि तेल का दीपक साधक की कामनाओं के लिये होता है, उसकी इच्छापूर्ति के लिये होता है। साथ ही ध्यान रहे कि घी के दीपक में सफेद खड़ी बत्ती लगाकर, उसे श्री गणेश के दाहिने हाथ की तरफ रखना चाहिए और तिल के तेल के दीपक में पड़ी हुई लाल बत्ती लगाकर भगवान के बायें हाथ की तरफ रखना चाहिए और दीपक जलाते समय आपकी जो भी इच्छा हो, उसे मन ही मन कहें। ऐसा करने से आपकी जो भी इच्छा होगी, वह जरूर पूरी होगी। 

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

Sankashti Chaturthi Moon Rise Time: 6 मार्च को रखा जाएगा संकष्टी चतुर्थी का व्रत, जानें चंद्रोदय का समय और चंद्र पूजन की विधि

Ram Navami 2026: 26 या 27 मार्च, किस दिन मनाई जाएगी राम नवमी? नोट कर लें सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि