Shani Jayanti 2025: शनि जयंती साल 2025 में 27 मई को मनाई जाएगी। इस दिन मंगलवार है और ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले मंगलवार को बड़ा मंगल कहा जाता है। ऐसे में 27 मई को शनि जयंती और बड़ा मंगल का दुर्लभ संयोग है। यही वजह है कि इस दिन को धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद शक्तिशाली माना जा रहा है। इस दिन अगर आप कुछ उपाय करते हैं तो आपको शनि देव और हनुमान जी की कृपा प्राप्त हो सकती है। आज हम आपको इन्हीं उपायों के बारे में जानकारी देंगे।
शनि जयंती और बड़ा मंगल एक ही दिन
साल 2025 में तीसरा बड़ा मंगल और शनि जयंती एक दिन होने से आप अपने जीवन की कई विघ्न-बाधाओं को दूर कर सकते हैं। यह बात तो हम सभी जानते हैं कि हनुमान जी की पूजा करने से शनि देव प्रसन्न हो जाते हैं। इसलिए 27 मई को कोई उपाय ना भी कर पाएं तो हनुमान जी की पूजा आपको अवश्य करनी चाहिए। वहीं अगर आप हनुमान जी और शनि देव से जुड़े उपायों को करते हैं तो शनि की ढैय्या, साढेसाती, दशा, अंतर्दशा का बुरा प्रभाव खत्म हो सकता है। इसके साथ ही कुंडली में मंगल ग्रह की स्थिति भी मजबूत होती है। शनि देव और हनुमान जी की पूजा से नकारात्मक ऊर्जा से छुटकारा मिलता है और शत्रुओं पर भी आप विजय प्राप्त करते हैं। शनि जयंती के दिन आप नीचे दिए गए उपाय कर सकते हैं।
हनुमान जी और शनिदेव दोनों की विधि-विधान से करें पूजा
- सुबह स्नान करके साफ लाल या पीले रंग के वस्त्र पहनें।
- सबसे पहले गणेश जी की वंदना करें और उसके बाद विधिवत पूजा आरंभ करें।
- पूजा के दौरान हनुमान जी को चोला चढ़ाएं साथ ही सिंदूर व चमेली का तेल भी आप अर्पित कर सकते हैं।
- इस दिन हनुमान जी के मंत्र “ॐ हं हनुमते नमः” का 108 बार जप करने से आपके जीवन की सभी दुख-विपदाएं दूर हो सकती हैं।
- हनुमान जी की पूजा के बाद शनिदेव को सरसों का तेल, काले तिल, नीला फूल आपको अर्पित करना चाहिए।
- शनि जयंती पर पूजा के दौरान “ॐ शं शनैश्चराय नमः” मंत्र का जप आप कर सकते हैं।
इन उपायों से हनुमान जी और शनि देव होंगे प्रसन्न
- शनि देव और हनुमान जी उन लोगों पर प्रसन्न होते हैं जो असहाय की मदद करते हैं, जरूरतमंदों को दान देते हैं। इसलिए 27 मई को जरूरतमंदों को अन्न और वसत्र का दान आपको करना चाहिए। संभव हो तो आप धन भी दान में दे सकते हैं।
- इस दिन काले वस्त्र, काला चना, सरसों का तेल, लड्डू, लोहे का सामान आदि दान करने से भी आपको लाभ की प्राप्ति होगी।
- 27 मई को बंदरों को गुड़ चना खिलाने से आपको हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
- पशु-पक्षियों को रोटी, दान आदि खिलाने से आपको हनुमान जी और शनि देव दोनों की कृपा प्राप्त होगी।
- शनि जयंती के दिन पीपल के पेड़ तले दीपक जलाने से और उसकी परिक्रमा करने से शनि देव के साथ ही पितरों का आशीर्वाद भी आपको प्राप्त होता है।
- हनुमान चालीसा और शनि स्तोत्र का पाठ करना इस दिन शुभ फलदायी साबित होगा।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)