1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Shani Jayanti: साढ़ेसाती से प्रभावित हैं ये 3 राशियां, शनि जयंती के दिन इन कार्यों को करने से दूर होगा दुष्प्रभाव

Shani Jayanti: साढ़ेसाती से प्रभावित हैं ये 3 राशियां, शनि जयंती के दिन इन कार्यों को करने से दूर होगा दुष्प्रभाव

Shani Jayanti: शनि जयंती का दिन राशिचक्र की उन राशियों के लिए विशेष है जो शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या से पीड़ित हैं। ये राशियां कौन -कौन सी हैं और क्या कार्य करने से शनि के दुष्प्रभाव से ये बच सकते हैं, आइए जानते हैं।

Shani Jayanti- India TV Hindi
Image Source : FILE IMAGE शनि जयंती 2025

Shani Jayanti: शनि जयंती हर साल ज्येष्ठ माह की अमावस्या तिथि को मनाई जाती है। यह दिन धार्मिक, आध्यात्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद अहम माना जाता है। इस दिन शनि देव की पूजा के साथ ही कई तरह के उपाय भी किए जाते हैं। यह दिन उन लोगों के लिए भी बेहद खास होता है जो शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या से पीड़ित हैं। इस दिन कुछ कार्य करने से साढ़ेसाती और ढैय्या के प्रभाव को दूर किया जा सकता है। आइए जान लेते हैं कि वर्तमान में किन राशियों पर शनि की साढ़ेसाती चल रही है और कौन सी राशियां ढैय्या की चपेट में हैं। 

शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या से प्रभावित राशियां 

साल 2025 में मेष, कुंभ और मीन राशि के लोग शनि की साढ़ेसाती से प्रभावित हैं वहीं सिंह और धनु पर ढैय्या का प्रभाव है। इन पांच राशियों को शनि जयंती के शुभ अवसर पर नीचे दिए गए कार्यों को करने से लाभ की प्राप्ति हो सकती है। इन कार्यों को करने से शनि के दुष्प्रभाव को भी ये बहुत हद तक कम कर सकते हैं। 

शनि जयंती पर करें ये 3 काम 

  1. शनि जंयती के दिन पीपले के पत्ते पर 'ॐ प्रां प्रीं प्रौं सः शनैश्चराय नमः' मंत्र लिखकर इसे पीपल की जड़ पर अर्पित करना चाहिए। इसके साथ ही इस मंत्र का कम से कम 108 बार जप भी आपको करना चाहिए। यह आसान सा उपाय करने से शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या के बुरे प्रभाव से आप बच सकते हैं। अगर शनि जयंती से शुरू करके लगातार 21 दिनों तक इस मंत्र का आप जप करते हैं तो जीवन की अड़चनों से आपको छुटकारा मिल सकता है। 
  2. ढैय्या और साढ़ेसाती से पीड़ित लोगों को शनि जयंती के दिन हनुमान जी और भगवान शिव की पूजा करने से भी लाभ होता है। इन दोनों देवताओं की पूजा शनि देव को भी प्रसन्न करती है। इसलिए शनि जयंती के दिन हनुमान चालीसा और शिव चालीसा का पाठ आप कर सकते हैं। इसके साथ ही शनि जयंती पर शिवलिंग पर जल अर्पित करने से भी शनि की क्रूर दृष्टि से आप मुक्ति पा सकते हैं। ऐसा करने से आपको जीवन में सुख-समृद्धि की भी प्राप्ति होती है। 
  3. मेष, सिंह, धनु, कुंभ और मीन राशि के जातकों को शनि जयंती के दिन शनि से जुड़ी चीजों का दान करने से भी लाभ होगा। ऐसा करने से ढैय्या और साढ़ेसाती का बुरा प्रभाव बहुत हद तक कम हो सकता है और आपको शुभ परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। शनि से जुड़ी चीजें जैसे- सरसों का तेल, लोहे का सामान, लौंग, अचार, काली उड़द, काले वस्त्र, काले तिल आदि आपको दान करने चाहिए। इसके साथ ही छाया दान भी आप इस दिन कर सकते हैं। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)