1. Hindi News
  2. धर्म
  3. शनिवार की रात कर लेते हैं सिर में ऑयल मसाज, इन लोगों को भूलकर भी नहीं लगाना चाहिए बालों में तेल

शनिवार की रात कर लेते हैं सिर में ऑयल मसाज, इन लोगों को भूलकर भी नहीं लगाना चाहिए बालों में तेल

सनातन धर्म की मान्यताओं के अनुसार, कुछ परिस्थितियों और तिथि में जन्मे लोगों को शनिवार के दिन सिर में तेल लगाने से बचना चाहिए। ऐसा करने से जीवन में नकारात्मक प्रभाव बढ़ने की आशंका जताई जाती है। जानिए शनिवार के दिन बालों में तेल लगाना क्यों वर्जित माना जाता है।

Saturday head oil Rule,- India TV Hindi
Image Source : PINTEREST शनिवार को सिर में तेल लगाने से बचें ये लोग

शनिवार का दिन भगवान शनि को समर्पित है। इस दिन शनि देव की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। अगर आप शनिवार को यह सोचकर सिर में तेल लगा लेते हैं कि रविवार को बाल धो लिए जाएंगे, तो यह आपके लिए हानिकारक भी हो सकता है। दरअसल, शास्त्रों में कुछ विशेष लोगों के लिए शनिवार को सिर में तेल लगाना वर्जित बताया गया है। जानिए इसके पीछे क्या धार्मिक कारण बताया जाता है। 

शनिदेव को समर्पित है शनिवार

शनिवार के दिन शनि देव की आराधना की जाती है, जिसमें सरसों का तेल, काले तिल समेत कई चीजें अर्पित की जाती हैं। भगवान शनि को कर्म और न्याय का देवता माना जाता है। ऐसे में शनिवार को भक्त अपने कर्मों की माफी मांगने के लिए शनि देव की पूजा करते हैं।

शास्त्रों में बताए गए नियम

जो लोग शनि देव की आराधना करते हैं, उनके लिए धार्मिक शास्त्रों में विशेष नियम बताए गए हैं। पद्म पुराण के उत्तरखंड के अध्याय 33 और अध्याय 34 में शनिदेव की पूजा के नियम बताए गए हैं। इन नियमों में इसका भी उल्लेख मिलता है कि शनि देव की उपासना करने भक्तों को शनिवार के दिन अपने सिर पर तेल नहीं लगाना चाहिए।

किन लोगों को नहीं लगाना चाहिए तेल

शनि की साढ़ेसाती वाले लोग: अगर किसी व्यक्ति की कुंडली में शनि की साढ़ेसाती चल रही है, तो उसे शनिवार के दिन सिर पर तेल लगाने से बचना चाहिए। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस दौरान व्यक्ति पहले से ही शनि के प्रभाव में रहता है। ऐसे में शनिवार को सिर में तेल लगाने से मानसिक तनाव, कार्यों में बाधाएं और आर्थिक समस्याएं बढ़ने लगती हैं।

सप्तमी तिथि में जन्मे लोग: जिनका जन्म सप्तमी तिथि में हुआ है और उन पर शनि की महादशा, साढ़ेसाती या ढैया चल रही है, उन्हें भी शनिवार के दिन सिर पर तेल लगाने से बचना चाहिए। सप्तमी तिथि का स्वामी सूर्य होता है। सूर्य और शनि के बीच बैर माना जाता है, इसलिए ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतना चाहिए।

जो शनि दान करते हैं: जो लोग शनिवार के दिन शनि दोष की शांति के लिए तेल, काला तिल, उड़द की दाल या लोहे की वस्तुएं दान करते हैं, उन्हें भी उस दिन अपने सिर पर तेल लगाने से बचने की सलाह दी जाती है। मान्यता है कि जिस वस्तु का दान किया जाता है, उसका उपयोग उसी दिन स्वयं के लिए नहीं करना चाहिए।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें: शनि दोष और साढ़ेसाती के बुरे प्रभाव होंगे दूर, बस शनिवार के दिन कर लें काले तिल से जुड़े ये 5 उपाय