1. Hindi News
  2. धर्म
  3. शीतला सप्तमी पर रवि योग और कृत्तिका नक्षत्र का शुभ संयोग, इन उपायों से मजबूत होंगे रिश्ते और मिल सकती है कारोबार में तरक्की

शीतला सप्तमी पर रवि योग और कृत्तिका नक्षत्र का शुभ संयोग, इन उपायों से मजबूत होंगे रिश्ते और मिल सकती है कारोबार में तरक्की

रवि योग और कृत्तिका नक्षत्र में कुछ विशेष उपाय बताए गए हैं। जो दोस्ती को और मजबूत करने, बिजनेस में तरक्की, बेहतर प्रेजेन्टेशन, शादी के रिश्ते से जुड़ी बाधाएं दूर करने समेत जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में सफलता दिला सकते हैं। यहां जानिए इनके बारे में

Ravi Yog Remedies, Krittika Nakshatra Remedies- India TV Hindi
Image Source : PINTEREST रवि योग और कृत्तिका नक्षत्र के उपाय

03 सितंबर को श्री शीतला सप्तमी पर रवि योग और कृत्तिका नक्षत्र का शुभ संयोग है। शीतला सप्तमी के दिन अगले दिन के भोजन की तैयारी की जाती है। यहां जानिए शीतला अष्टमी के दिन किए जाने वाले सरल उपायों के बारे में। वहीं, रवि योग और कृत्तिका नक्षत्र में किए जाने वाले विशेष उपायों जीवन में आने वाली कई तरह की परेशानियों को दूर कर सकते हैं। आचार्य इंदु प्रकाश से जानिए इन खास उपायों के बारे में। 

  • अगर आप एक कामयाब इंसान बनना चाहते हैं, तो उसके लिये आपको कृतिका नक्षत्र से संबंधित गुलर के पेड़ या फोटो के दर्शन करके इसे नमस्कार करना चाहिए। साथ ही ध्यान रखना चाहिए कि इस दिन आप गुलर के पेड़ को किसी भी तरह से नुकसान न पहुंचायें और न ही उपयोग में लाएं।
  • अगर आप सामाजिक कार्यों में अपनी सफलता सुनिश्चित करना चाहते हैं, तो आज के दिन अपने घर के आग्नेय कोण यानि दक्षिण-पूर्व दिशा के कोने में घी का एक दीपक जलाएं और हाथ जोड़कर अग्नि देव को प्रणाम करें और अपनी सफलता के लिए प्रार्थना करें।
  • अगर आपको किसी के सामने अपनी प्रेजेंटेशन देनी है और आप चाहते हैं कि आप अपनी बात को ठीक ढंग से रख पायें, तो आज प्रेजेन्टेशन के लिये जाते समय अपनी जेब में या अपने पर्स में एक लाल रंग का फूल रखकर ले जायें।
  • अगर आप अपने पिता के साथ संबंधों को बेहतर बनाये रखना चाहते हैं, तो आज के दिन गूलर के पेड़ की जड़ में जल चढ़ाएं। साथ ही पेड़ के तने पर लाल रोली का टीका लगाएं और उसके पास घी का दीपक जलाएं।
  • अगर आप अपने किसी शत्रु से परेशान हैं और उस पर विजय पाना चाहते हैं, तो आज के दिन एक छोटा-सा पीले रंग का कपड़ा लें और साथ ही एक कटोरी में पानी डालकर थोड़ी-सी हल्दी घोल लें। अब उस पीले रंग के कपड़े पर हल्दी से अपने शत्रु का नाम लिखें और उस कपड़े को श्री विष्णु के मन्दिर में जाकर, भगवान के चरणों में रख दें।
  • अगर आप जीवन में निगेटिव सिचुएशन से बचे रहना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको भगवान विष्णु की पूजा के समय 5 गोमती चक्र लेकर भगवान के सामने रखने चाहिए और उनकी विधि-विधान पूर्वक धूप-दीप आदि से पूजा करनी चाहिए। पूजा के बाद उन गोमती चक्र को उठाकर, एक पीले रंग के कपड़े में बांधकर अपने पास रख लें।
  • अगर आप अपनी जिम्मेदारियों का अच्छे से निर्वहन करना चाहते हैं, यानी उन्हें बिना किसी परेशानी के अच्छे से निभाना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको ऊँ नमो भगवते नारायणाय। इस मंत्र का 108 बार जप करना चाहिए और मंत्र जप के बाद श्री विष्णु को पीले रंग के फूल अर्पित करने चाहिए।
  • अगर अपनी संतान की गतिविधियों के प्रति आपको हमेशा चिंता बनी रहती है, तो आज के दिन आपको एक नया पीले रंग का कपड़ा लेकर, उसे अपनी संतान के हाथों से स्पर्श कराकर विष्णु मन्दिर में चढ़ाना चाहिए। साथ ही इस मंत्र का 11 बार जप करना चाहिए। मंत्र है - ऊँ ऐं क्लीं बृहस्पतये नमः।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें: मथुरा-वृंदावन में जन्माष्टमी कब मनाई जाएगी? कान्हा के जन्मोत्सव को लेकर मंदिरों में शुरू हुईं खास तैयारियां