Surya Grahan Date and Time: साल का आखिरी सूर्य ग्रहण हुआ शुरू, जानें कितने बजे तक रहेगा और कहां दिखाई देगा
Surya Grahan Date and Time: साल 2025 का आखिरी सूर्य ग्रहण 21 सितंबर को लगने जा रहा है। ऐसे में आइए जानते हैं यह सूर्यग्रहण कितने बजे से शुरू होगा और इसका सूतक काल कब से कब तक रहेगा।

Surya Grahan Date and Time: सूर्य ग्रहण तब लगता है जब पृथ्वी और सूर्य के बीच में चंद्रमा आ जाता है। यह घटना खगोलीय दृष्टि के साथ ही धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। साल 2025 का आखिरी सूर्य ग्रहण 21 सितंबर को लगने वाला है। ऐसे में आइए जान लेते हैं कि यह सूर्य ग्रहण कब से कब तक रहेगा, इस दिन क्या सावधानियां बरतनी चाहिए और सूर्य ग्रहण का सूतक भारत में मान्य है या नहीं।
सूर्य ग्रहण 2025 का समय (Solar Eclipse 2025 Timing)
साल का आखिरी सूर्य ग्रहण 21 सितंबर की रात्रि में शुरू होगा। 21 सितंबर की रात में 10 बजकर 59 मिनट से 22 सितंबर की सुबह 3 बजकर 23 मिनट तक यह सूर्य ग्रहण रहेगा।
सूर्य ग्रहण किस राशि और नक्षत्र में लगेगा (Surya Grahan Kis Rashi Or Nakshatra Me Lagega)
साल 2025 का आखिरी सूर्य ग्रहण सर्वपितृ अमावस्या के दिन लगने जा रहा है। इस दिन सूर्य कन्या राशि और उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में होंगे।
सूर्य ग्रहण का सूतक भारत में मान्य होगा या नहीं? (Surya Grahan Sutak)
सूर्य ग्रहण भारतीय समय के अनुसार रात्रि के समय लग रहा है इसलिए भारत में इसका सूतक मान्य नहीं होगा। हालांकि धार्मिक जानकारों की मानें तो भले ही सूर्य ग्रहण का सूतक मान्य न हो लेकिन ग्रहण से संबंधित सावधानियां इस दौरान बरतनी चाहिए। आपको बता दें कि सूर्य ग्रहण का सूतक ग्रहण लगने से ठीक 12 घंटे पहले शुरू हो जाता है और ग्रहण समाप्त होने पर खत्म होता है। ऐसे 21 सितंबर को लगने वाले सूर्य ग्रहण का सूतक भारतीय समय अनुसार सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगा। यानि सूर्य ग्रहण का सूतक काल 21 सितंबर सुबह 11 बजे से 22 सितंबर की सुबह 3 बजकर 23 मिनट तक रहेगा।
सूर्य ग्रहण कहां दिखाई देगा
21 सितंबर को लगने वाला सूर्य ग्रहण न्यूजीलैंड, टोंगा और फिजी में दिखाई देगा, इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर और अटलांटिक महासागर के कुछ हिस्सों में भी यह ग्रहण दृश्य होगा।
सूर्य ग्रहण के दिन इन मंत्रों का जप करना शुभ
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूर्य ग्रहण के दौरान नकारात्मक शक्तियां सक्रिय हो जाती हैं। इसलिए ग्रहण के दौरान कुछ मंत्रों का जप करना आपके लिए शुभ साबित हो सकता है। इस दिन आपको महामृत्युंजय मंत्र, गायत्री मंत्र और सूर्य मंत्र का जप करने से सकारात्मकता मिलेगी।
- महामृत्युंजय मंत्र- ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्। उर्वारुकमिव बन्धनान् मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्।
- गायत्री मंत्र- ॐ भूर्भुव: स्व: तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो न: प्रचोदयात।
- सूर्य मंत्र- ॐ ह्रीं ह्रीं सूर्याय नमः
Live updates : Surya Grahan Date and Time: साल का आखिरी सूर्य ग्रहण कितने बजे लगेगा, सूतक काल कब से कब तक रहेगा? यहां पाएं सारी जानकारी
-
September 21, 2025 11:54 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दौरान कन्या राशि में रहेगी ऐसी ग्रह स्थिति
सूर्य ग्रहण शुरू हो चुका है कन्या राशि में ये ग्रहण लगा है। इस दौरान कन्या राशि में चंद्रमा और बुध भी विराजमान हैं। ऐसे में बुधादित्य योग और अमावस्या योग बना हुआ है।
-
September 21, 2025 11:38 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण खत्म होने के बाद जरूर करें ये काम
सूर्य ग्रहण खत्म होने के बाद स्नान अवश्य करना चाहिए। इसके साथ ही पूजा और दान करना भी ग्रहण के बाद शुभ माना जाता है। आप 22 तारीख को सुबह स्नान, दान और ध्यान कर सकते हैं। ऐसा करने से ग्रहण की नकारात्मकता दूर होगी।
-
September 21, 2025 11:30 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दौरान इन शिव मंत्रों का जप करना शुभ
सूर्य ग्रहण के दौरान नीचे दिए गए शिव मंत्रों का जप करने से ग्रहण की प्रतिकूलता दूर होती है।
- ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्। उर्वारुकमिव बन्धनान् मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्
- ॐ नमो भगवते रुद्राय
- ॐ नमः शिवाय.
-
September 21, 2025 11:17 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण इन 3 राशियों के लिए प्रतिकूल
सूर्य ग्रहण राशिचक्र की 3 राशियों के लिए प्रतिकूल साबित हो सकता है। ये राशियां हैं मेष, सिंह और धनु। इन तीनों राशियों को सूर्य ग्रहण के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। साथ ही कोई भी बड़ा फैसला लेने से इस दौरान बचें। ग्रहण के बुरे प्रभाव से बचने के लिए सूर्य मंत्रों का जप करना शुभ साबित होगा।
-
September 21, 2025 11:01 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
Solar Eclipse 2025: सूर्य ग्रहण हुआ शुरू
साल 2025 का आखिरी सूर्य ग्रहण शुरू हो चुका है। यह ग्रहण कन्या राशि और उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में लगा है। 22 सितंबर की सुबह 3 बजकर 32 मिनट तक यह ग्रहण रहेगा।
-
September 21, 2025 10:35 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दौरान न करें ये 3 काम
सूर्य ग्रहण के दौरान गलती से भी सोएं नहीं।
इस दौरान घर के पूजा स्थल को ढककर रखें और मूर्तियों को न छुएं।
सूर्य ग्रहण के दौरान सोने से भी बचना चाहिए। -
September 21, 2025 10:01 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण शुरू होने में बचा है 1 घंटे से कम का समय
साल 2025 का आखिरी सूर्य ग्रहण शुरू होने में अब 1 घंटे से भी कम का समय बचा है। आपको बता दें कि यह सूर्य ग्रहण 10 बजकर 59 मिनट से शुरू हो जाएगा।
-
September 21, 2025 9:23 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण और चंद्रग्रहण में क्या अंतर है?
सूर्य ग्रहण तब लगता है जब चंद्रमा, पृथ्वी और सूर्य के बीच में आ जाता है, जिससे पृथ्वी की सतह पर छाया बन जाती है। वहीं चंद्र ग्रहण तब लगता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच में आ जाता है और, चंद्रमा पर छाया पड़ती है।
-
September 21, 2025 9:12 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
नवरात्रि के कलश का महत्व
नवरात्रि के पहले दिन स्थापित किए जाने वाला कलश ब्रह्मांडीय गर्भ कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कलश में समस्त देवी-देवता निवास करते हैं। घर में स्थापित किया गया कलश सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत होता है और इससे घर में पवित्रता बनी रहती है। यही वजह है कि नवरात्रि के दौरान कलश को लोग स्थापित करते हैं।
-
September 21, 2025 9:04 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दौरान भोजन करना क्यों है गलत?
सूर्य ग्रहण के दौरान वातावरण में नकारात्मकता फैली रहती है। इसके साथ ही राहु-केतु जैसे क्रूर ग्रह भी इस दौरान सक्रिय होते हैं, इसलिए गलती से भी सूर्य ग्रहण की अवधि में भोजन नहीं करना चाहिए।
-
September 21, 2025 8:46 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण इन राशियों पर डाल सकता है बुरा प्रभाव
कन्या राशि में लगने वाला 21 सितंबर को सूर्य ग्रहण मेष, सिंह और तुला राशि वालों के लिए प्रतिकूल साबित हो सकता है। इन राशियों को अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखना होगा। साथ ही आर्थिक मामलों को लेकर भी सावधानी बरतनी होगी।
-
September 21, 2025 8:23 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
Surya Grahan: सूर्य ग्रहण भारतीय समय अनुसार कब शुरू होगा?
21 सितंबर को लगने वाला सूर्य ग्रहण भारतीय समय के अनुसार रात 10 बजकर 59 मिनट से शुरू होगा। वहीं इसकी समाप्ति 22 सितंबर की सुबह लगभग 3 बजकर 32 मिनट पर होगी।
-
September 21, 2025 7:21 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण कहां-कहां देखा जाएगा?
सूर्य ग्रहण मुख्य रूप से न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और फिजी में दिखाई देगा। भारत में यह सूर्य ग्रहण दृश्य नहीं होगा इसलिए भारत में सूतक काल भी मान्य नहीं है।
-
September 21, 2025 6:42 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दिन गर्भवती महिलाएं न छुएं ये चीजें
सूर्य ग्रहण के दिन गर्भवती महिलाओं को नुकीली चीजें जैसे चाकू, छुरी, सुई आदि नहीं छूनी चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गर्भवती महिलाएं अगर ग्रहण के दिन नुकीली चीजें छूती हैं तो गर्भ में पल रहे शिशु पर बुरा प्रभाव पड़ता है।
-
September 21, 2025 6:26 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दिन जन्म लेने वाले लोग कैसे होते हैं?
सूर्य ग्रहण के दिन जन्म लेने वाले लोगों में कुछ खूबियां और कुछ खामियां देखने को मिलती है। सूर्य ग्रहण के दिन जन्म लेने वाले व्यक्ति का आत्मविश्वास कमजोर हो सकता है। ऐसे लोगों के पिता के साथ मतभेद होते हैं। इनको गुस्सा भी अधिक आता है। इनकी खूबियों की बात की जाए तो नेतृत्व की क्षमता इनमें देखने को मिलती है। एक बार लक्ष्य स्पष्ट हो जाए तो उसे ये हासिल करके रहते हैं। इन लोगों को स्वभाव थोड़ा रहस्यमयी हो सकता है।
-
September 21, 2025 5:29 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दौरान सूर्य के इस मंत्र का जप करना शुभ
सूर्यग्रहण काल में आपको सूर्य ग्रह के मंत्र 'ऊं सूर्याय नमः' का जप करना चाहिए। इस मंत्र का जप करने से नकारात्मकता दूर होती है और साथ ही कुंडली में सूर्य ग्रह मजबूत होता है।
-
September 21, 2025 4:57 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दिन देवी-देवताओं की प्रतिमा क्यों नहीं छूते?
सूर्य ग्रहण के दिन राहु-केतु जैसे नकारात्मक ग्रहों का प्रभाव बढ़ जाता है, इसलिए ना ही इस दिन पूजा पाठ करते हैं और ना ही देवी-देवताओं को प्रतिमा इस दिन छूनी चाहिए।
-
September 21, 2025 4:34 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण का सूतक काल कब खत्म होगा?
सूर्य ग्रहण का सूतक ग्रहण की समाप्ति के साथ ही खत्म होता है। 21 सितंबर को लगने वाले सूर्य ग्रहण का सूतक 22 सितंबर सुबह 3 बजकर 32 मिनट पर खत्म होगा।
-
September 21, 2025 4:00 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण किस नक्षत्र में लगेगा?
साल 2025 का आखिरी सूर्य ग्रहण उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में लगेगा। इस नक्षत्र के स्वामी ग्रह सूर्य ही हैं। यह नक्षत्र शुभ कार्यों के लिए अच्छा माना जाता है लेकिन 21 सितंबर को इस नक्षत्र में ही सूर्य ग्रहण लगने वाला है इसलिए शुभ कार्य इस दिन वर्जित होंगे।
-
September 21, 2025 3:19 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
अगला सूर्य ग्रहण कब लगेगा?
21 सितंबर 2025 के बाद अगला सूर्य ग्रहण 17 फरवरी 2026 को लगेगा। हालांकि यह सूर्य ग्रहण भी भारत में दिखाई नहीं देगा। साल 2025 में भी 2 बार सूर्य ग्रहण की खगोलीय घटना घटित होगी।
-
September 21, 2025 2:52 PM (IST) Posted by Arti Azad
नवरात्र घट स्थापना मुहूर्त पर सूर्य ग्रहण का असर
2025 का दूसरा और आखिरी सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए यहां सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। ऐसे में 22 सितंबर को भारत में शुभ मुहूर्त होगा और बिना किसी रोक-टोक के नवरात्र की घटस्थापना की जा सकेगी।
-
September 21, 2025 2:07 PM (IST) Posted by Arti Azad
सूर्य ग्रहण का कुंभ राशि पर प्रभाव
ज्योतिषियों की माने तो सूर्य ग्रहण का कुंभ राशि के जातकों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इस अवधि में लड़ाई-झगड़े या किसी भी तरह के वाद-विवादों से बचें। पैसों के लेन-देन से दूर रहे। वहीं, प्रॉपर्टी में इन्वेस्ट न करने की भी सलाह दी गई है।
-
September 21, 2025 1:05 PM (IST) Posted by Arti Azad
सूर्य ग्रहण में तुलसी से जुड़ी सावधानी
ज्योतिषियों के अनुसार, सूर्य ग्रहण के दौरान तुलसी जी के पौधे को छूने की मनाही की गई है। ग्रहण में तुलसी के पत्ते को तोड़ना नहीं चाहिए। अगर खुले स्थान पर तुलसी का पौधा रखा है तो उसे अंदर कर देना चाहिए। वहीं, अगर पौधा उटाकर अंदर नहीं लाया जा सकता, तो उसे मोटे कपड़े से ढक देना चाहिए।
-
September 21, 2025 12:50 PM (IST) Posted by Arti Azad
इन राशि के जातकों के लिए नकारात्मक प्रभाव देगा सूर्य ग्रहण
ज्योतिषियों के अनुसार, आज लगने वाला सूर्य ग्रहण कन्या राशि वालों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। ऐसे में इस राशि के जातकों को विशेष सावधानी रखना होगा, क्योंकि इस राशि के लोगों को धन हानि हो सकती है। अनावश्यक खर्च की संभावना है। इस दौरान धैर्य रखें।
वहीं, तुला राशि वालों के लिए भी सूर्य ग्रहण नकारात्मक साबित हो सकता है। इस दौरान बहुत ही ज्यादा सावधानी से चलना होगा। धन खर्च बढ़ने के साथ ही आपके रिश्तों में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं।
-
September 21, 2025 12:06 PM (IST) Posted by Arti Azad
सूर्य ग्रहण के दौरान क्या करें?
ज्योतिषियों का कहना है कि सूर्य ग्रहण का समय बहुत ही अशुभ होता है। इसका असर हम पर कं से कम हो इसलिए ग्रहण के दौरान मंत्र जाप करने की सलाह दी जाती है। ये भी कहा जाता है कि भगवान शिव या अपने इष्टदेवता के नाम का लगातार जाप करते रहना चाहिए। इस दौरान समूह में बैठकर भजन कीर्तन करने को भी कहा जाता है।
-
September 21, 2025 11:35 AM (IST) Posted by Arti Azad
122 साल बन रहा सूर्य ग्रहण पर ये संयोग
ज्योतिष के जानकारों की माने तो करीब 122 साल बाद सूर्य ग्रहण के दिन पर 21 सितंबर 2025 को ऐसा दुर्लभ संयोग बन रहा है। बता दें कि कई वर्षों बाद इस साल पितृपक्ष की शुरुआत ग्रहण से हुई और पितृपक्ष का समाप्ति भी ग्रहण से होने जा रही है। ज्योतिषविदों का कहना है कि इससे पहले ऐसा अद्भुत संयोग 1903 में बना था।
-
September 21, 2025 11:04 AM (IST) Posted by Arti Azad
आंशिक सूर्य ग्रहण
सूर्य ग्रहण एक अद्भुत खगोलीय घटना है। यह साल का दूसरा और आखिरी सूर्यग्रहण होगा। भारतीय समय के अनुसार सूर्य ग्रहण रात लगभग 11 बजे लगना शुरू होगा। 4.33 घंटे अवधि वाला यह आंशिक सूर्य ग्रहण होगा, जो सुबह 3.33 बजे समाप्त होगा।
-
September 21, 2025 10:37 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
मीन राशि वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
यह सूर्यग्रहण आपके सातवें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में सातवें स्थान का संबंध जीवनसाथी से होता है। लिहाजा जीवनसाथी से आपके संबंधों पर सूर्य का यह ग्रहण लगेगा। अतः अपने जीवनसाथी का ख्याल रखें। सूर्य के इस ग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये- भोजन करने से पहले रोटी के एक टुकड़े की अग्नि में आहुति देनी चाहिए।
-
September 21, 2025 10:20 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
कुंभ वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव कैसे रहेगा?
यह सूर्यग्रहण आपके आठवें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में आठवें स्थान का संबंध आपकी आयु से है। लिहाजा सूर्य का यह ग्रहण आपकी आयु पर लगेगा। आपके स्वास्थ्य में कुछ उतार-चढ़ाव हो सकते हैं। तो सूर्य के इस ग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये- गायत्री मंत्र का 108 बार जप करें।
-
September 21, 2025 10:03 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
मकर राशि वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
यह सूर्यग्रहण आपके नवें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में नवें स्थान भाग्य से संबंध रखता है। लिहाजा आपके भाग्य पर, आपकी किस्मत पर यह ग्रहण लगेगा। इस दौरान आपकी किस्मत आपका पूरी तरह से साथ नहीं दे पायेगी। तो अपने भाग्य को ग्रहण के प्रभाव से बचाने के लिये- आपको मन्दिर में गुड़ का दान करना चाहिए।
-
September 21, 2025 9:36 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
धनु राशि वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
यह सूर्यग्रहण आपके दसवें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में दसवें स्थान का संबंध आपके करियर, पिता तथा राज्य से है। इस ग्रहण का प्रभाव आपके खुद के और आपके पिता के करियर के ऊपर रहेगा। आपको अपने करियर के डिसीजन लेने में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं। लिहाजा इस ग्रहण के प्रभाव से बचने के लिये- सफेद या शरबती रंग की टोपी या पगड़ी सिर पर पहनें।
-
September 21, 2025 9:10 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
वृश्चिक राशि वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
सूर्यग्रहण आपके 11वें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में ग्यारहवें स्थान का संबंध आपकी आमदनी और कामना पूर्ति से है। लिहाजा इस ग्रहण का असर आपकी आमदनी और आपकी इच्छाओं पर होगा। आपको अपनी किसी इच्छा की पूर्ति करने में परेशानी आ सकती है।अतः सूर्यग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये- रात को सोते समय अपने सिरहाने पर 5 मूली या 5 बादाम रखकर सोएं और अगले दिन उन्हें किसी मन्दिर या धर्मस्थल पर दान दे आएं।
-
September 21, 2025 8:52 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
तुला राशि वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
यह सूर्यग्रहण आपके 12 वें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में बारहवें स्थान का संबंध शैय्या सुख से है, आपके खर्चों से है। लिहाजा आपके शैय्या सुख और आपके खर्चों पर यह ग्रहण लगेगा। आपको शैय्या सुख पाने में मुश्किलें होंगी और आपके खर्चों में बढ़त होगी। लिहाजा इस ग्रहण की अशुभता से बचने के लिये- अपने घर की खिड़की, दरवाज़े खुले रखने चाहिए और घर में उचित मात्रा में रोशनी रखनी चाहिए।
-
September 21, 2025 8:36 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
कन्या राशि वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
यह सूर्यग्रहण आपके पहले स्थान यानि लग्न स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में पहला स्थान स्वयं का स्थान होता है, शरीर का होता है। अतः यह ग्रहण स्वयं आप पर और आपके शरीर पर लगेगा। आज आपके अन्दर ऊर्जा की कमी रहेगी। लिहाजा इस ग्रहण की अशुभ स्थिति से बचने के लिये- आपको सूर्यदेव को जल चढ़ाना चाहिए।
-
September 21, 2025 8:17 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
सिंह राशि वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
यह सूर्यग्रहण आपके दूसरे स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में दूसरे स्थान का सम्बन्ध धन तथा आपके स्वभाव से होता है। अतः यह ग्रहण आपके व्यवहार पर लगेगा। आज किसी से बात करते समय आपको अपनी भाषा का खास ख्याल रखना चाहिए। अपने पैसों को संभाल कर रखना चाहिए। अतः इस ग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये- आपको नारियल, नारियल का तेल या कुछ बादाम मन्दिर या किसी धर्मस्थल पर दान करना चाहिए।
-
September 21, 2025 7:57 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
कर्क राशि वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
यह सूर्यग्रहण आपके तीसरे स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में तीसरा स्थान भाई-बहनों से संबंध रखता है। लिहाजा इस सूर्यग्रहण के प्रभाव से आपका अपने भाई-बहनों से रिश्ते पर प्रभाव पड़ेगा। अतः इस ग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये- धार्मिक कार्यों में अपना सहयोग देना चाहिए।
-
September 21, 2025 7:23 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
मिथुन राशि वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
यह सूर्यग्रहण आपके चौथे स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में चौथे स्थान का संबंध माता, भूमि-भवन और वाहन से है। लिहाजा सूर्य का यह ग्रहण माता के साथ आपके रिश्ते पर और भूमि-भवन और वाहन पर लगेगा। लिहाजा किसी काम में आपको माता से सहयोग पाने के लिये थोड़ी अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है। अतः ग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये- जरूरतमंद को भोजन कराना चाहिए।
-
September 21, 2025 6:36 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
वृषभ राशि वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
यह सूर्यग्रहण आपके पांचवे स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में पांचवे स्थान का संबंध विद्या, गुरु, संतान एवं विवेक से है और साथ ही रोमांस आदि विषयों से है। अतः आपकी इन सब स्थितियों पर सूर्यग्रहण का प्रभाव पड़ेगा। ग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये और शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये- पक्षियों को दाना डालना चाहिए। यहां एक बात का जरुर ध्यान रखें की दाना कबूतरों को नहीं डालना है।
-
September 21, 2025 6:10 AM (IST) Posted by Laveena Sharma
मेष राशि वालों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
यह सूर्यग्रहण आपके छठे स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में - छठवें स्थान का संबंध आपके मित्र, शत्रु और स्वास्थ्य से है। इस ग्रहण के प्रभाव से शत्रु आप पर हावी होने की कोशिश कर सकते हैं, संभलकर रहें और दोस्तों का साथ बनाये रखें। साथ ही इस ग्रहण के अशुभ फलों से बचने के लिये- कुत्ते को रोटी खिलानी चाहिए।
-
September 20, 2025 6:54 PM (IST) Posted by Arti Azad
कब शुरू होगा सूर्य ग्रहण?
भारतीय समयानुसार यह रात 10 बजकर 59 मिनट पर शुरू होगा। मध्यकाल रात 1 बजकर 11 मिनट पर आएगा और सुबह 3 बजकर 23 मिनट पर समाप्त होगा। 4 घंटे 24 मिनट की यह खगोलीय घटना भारत में दिखाई नहीं देगी, क्योंकि तब यहां रात होगी। इस वजह से सूतक काल भी मान्य नहीं होगा।
-
September 20, 2025 6:48 PM (IST) Posted by Arti Azad
धार्मिक दृष्टिकोण से सूर्य ग्रहण
धार्मिक दृष्टिकोण से सूर्य ग्रहण तब होता है, जब राहु और केतु सूर्य को अपना ग्रास बना लेते हैं और कुछ समय के लिए सूर्य का प्रकाश पृथ्वी तक नहीं पहुंच पाता। इस साल का दूसरा और आखिरी सूर्य ग्रहण 21 सितंबर सर्वपितृ अमावस्या को है, जो आंशिक सूर्य ग्रहण होगा। भारतीय समयानुसार यह रात 10 बजकर 59 मिनट पर शुरू होगा। मध्यकाल रात 1 बजकर 11 मिनट पर आएगा और सुबह 3 बजकर 23 मिनट पर समाप्त होगा। 4 घंटे 24 मिनट की यह खगोलीय घटना भारत में दिखाई नहीं देगी, क्योंकि तब यहां रात होगी।
-
September 20, 2025 6:31 PM (IST) Posted by Arti Azad
वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझें क्या है सूर्य ग्रहण?
सूर्य ग्रहण एक अद्भुत खगोलीय घटना है। इसका वैज्ञानिक, ज्योतिष और धार्मिक महत्व बहुत ज्यादा होता है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझें, तो जब चंद्रमा, धरती और सूर्य के बीच से गुजरता है, तब सूर्य का प्रकाश धरती पर नहीं पहुंच पाता है। यह खगोलीय घटना ही सूर्य ग्रहण कहलाती है।
-
September 20, 2025 5:49 PM (IST) Posted by Arti Azad
सूतक काल कब से लगता है?
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, ग्रहण लगने के 12 घंटे पहले सूतक लग जाता है। लेकिन 21 सितंबर को लगने वाला सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखेगा, इसलिए सूतक काल नहीं लगेगा।
-
September 20, 2025 4:54 PM (IST) Posted by Arti Azad
सूर्य ग्रहण को लेकर दुनिया में प्रचलित मान्यताएं
चीनी मान्यता है कि एक अजगर सूर्य को निगल लेता है, इसलिए लोग ढोल बजाकर उसे डराते हैं, ताकि वह सूर्य को छोड़ दे।
नॉर्डिक मान्यताओं के अनुसार, एक विशाल भेड़िया सूर्य को निगलने की कोशिश करता है, जिससे ग्रहण होता है।
मैक्सिकन मान्यता है कि अगर गर्भवती महिला ग्रहण देख ले, तो बच्चे के चेहरे पर भी निशान पड़ सकता है।
वियतनाम में माना जाता है कि एक विशाल मेंढक सूर्य को निगल जाता है। फिर उसका स्वामी उसे सूर्य को उगलने के लिए मनाता है।
ईसाई धर्म से जुड़ी मान्यताएं है कि सूर्य ग्रहण अक्सर प्रलय का संकेत है। इसे ईश्वर द्वारा दी जाने वाली एक चेतावनी माना जाता है। -
September 20, 2025 4:22 PM (IST) Posted by Arti Azad
सूर्य ग्रहण से जुड़ी पौराणिक कथा
हिंदू पौराणिक कथाओं में बताया गया है कि समुद्र मंथन के समय निकले अमृत को दैत्य स्वरभानु ने रूप बदलकर अमृत पी लिया। तब विष्णु जी ने सुदर्शन चक्र से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। हालांकि, अमृत ग्रहण कर चुका वह दैत्य अमर हो चुका था, लेकिन वह दो हिस्सों में बंट गया, उसका सिर राहु और धड़ केतु कहलाया। देवताओं के साथ छल करते हुए उसे सूर्य और चंद्रमा ने पहचान लिया था और तब से राहु और केतु उन्हें अपना शत्रु मानते हैं। इसी वजह से सूर्य और चंद्र ग्रहण को राहु और केतु से जोड़कर देखा जाता है।
-
September 20, 2025 3:24 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सर्य ग्रहण कितने प्रकार का होता है?
मुख्य रूप से सूर्य ग्रहण तीन तरह से लगता है। पूर्ण सूर्य ग्रहण तब लगता है जब चंद्रमा पृथ्वी के बेहद करीब होता है और सूर्य को पूरी तरह से ढक देता है। आंशिक सूर्य ग्रहण उसे कहते हैं जब चंद्रमा से सूर्य का कुछ भाग ही ढक पाता है। वहीं वलयाकार सूर्य ग्रहण तब लगता है जब चंद्रमा केवल सूर्य के मध्य भाग को ढक देता है।
-
September 20, 2025 2:43 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दिन शनि-सूर्य का समसप्तक योग और प्रभाव
21 सितंबर के दिन सूर्य ग्रहण लगेगा और इस दिन सूर्य-शनि समसप्तक योग में भी होंगे। इस योग के बनने से मेष, मिथुन और कन्या राशि वालों को जीवन में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए सतर्कता इन्हें बरतनी होगी। इसके साथ ही देश-दुनिया पर भी इस योग का प्रभाव पड़ सकता है, अत्यधिक बारिश आने की आशंका है। वहीं कुछ देशों के बीच राजनीतिक अस्थिरता भी बन सकती है।
-
September 20, 2025 1:55 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दिन तुलसी की पूजा कर सकते हैं?
सूर्य ग्रहण के दिन तुलसी की पूजा करना शुभ नहीं माना जाता। इस दिन ना ही आपको तुलसी के पत्ते तोड़ने चाहिए और ना ही तुलसी की पूजा करनी चाहिए। सूर्य ग्रहण से एक दिन पूर्व आप तुलसी के पत्ते तोड़ सकते हैं और इन्हें ग्रहण के दिन भोजन में मिलाकर भोजन ग्रहण कर सकते हैं।
-
September 20, 2025 1:26 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
Solar Eclipse 2025: सूर्य ग्रहण के दिन अग्नि तत्व की राशियां रहें संभलकर
सूर्य ग्रहण के दिन अग्नि तत्व की तीन राशियों मेष, सिंह और धनु को बेहद संभलकर रहना चाहिए। इन तीनों राशियों के ऊर्जा स्रोत सूर्य हैं। ऐसे में सूर्य पर ग्रहण के चलते इन्हें मानसिक और शारीरिक परेशानियां आ सकती हैं। सूर्य ग्रहण के दिन इन तीनों राशियों को यात्रा करने से बचना चाहिए। उपाय के तौर पर ध्यान और सूर्य मंत्रों का जप इनके लिए शुभ फलदायी रहता है।
-
September 20, 2025 12:57 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य को मजबूत करने के लिए ग्रहण के दिन करें ये उपाय
जिन लोगों की कुंडली में सूर्य की स्थिति अच्छी नहीं होती उन्हें सूर्यग्रहण के दिन कुछ उपाय अवश्य करने चाहिए। सूर्य ग्रहण के दिन अगर सूर्य से संबंधित चीजों जैसे- गुड़, चना, स्वर्ण आदि का दान आप कर सकते हैं। इसके साथ ही सूर्य ग्रहण के दिन सूर्य ग्रह के मंत्रों का जप करने से भी सूर्य कुंडली में मजबूत होता है।
-
September 20, 2025 12:36 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दिन करें इन शिव मंत्रों का जप
ॐ पार्वतीपतये नमः।
ॐ नमो नीलकण्ठाय:।
ॐ ह्रीं ह्रौं नमः शिवाय:।
ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्। उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्।
ॐ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि तन्नो रुद्रः प्रचोदयात्। -
September 20, 2025 11:54 AM (IST) Posted by Naveen Khantwal
Surya Grahan 2025: सूर्य ग्रहण कितने घंटे तक रहेगा?
साल 2025 का आखिरी सूर्य ग्रहण 21 सितंबर की रात्रि 10 बजकर 59 मिनट से शुरू होगा और 22 सितंबर की सुबह 3 बजकर 23 मिनट तक रहेगा। सूर्य ग्रहण की कुल अवधि 4 घंटे और 24 मिनट की होगी।
-
September 20, 2025 11:00 AM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण अमावस्या के दिन ही क्यों लगता है?
अमावस्या के दिन ही चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के मध्य में स्थित होता है इसलिए अमावस्या पर ही सूर्य ग्रहण लगता है। हालांकि, हर अमावस्या पर सूर्य ग्रहण नहीं लगता, ऐसा इसलिए है कि हर अमावस्या पर चंद्रमा का झुकाव अलग-अलग कोण पर होता है।
-
September 20, 2025 10:35 AM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दौरान सावधान रहें ये राशियां
सूर्य ग्रहण कन्या राशि में लगने जा रहा है। इस ग्रहण के प्रभाव से मेष, वृषभ, कर्क, वृश्चिक, धनु और मकर राशि के जातकों के जीवन में नकारात्मकता आ सकती है। इन राशियों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा और सूर्य ग्रहण वाले दिन कोई भी बड़ा फैसला लेने से बचना होगा। ग्रहण के बुरे प्रभाव से बचने के लिए सूर्य मंत्रों का जप करना हितकारी साबित होगा।
-
September 20, 2025 10:11 AM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण का सूतक काल कब शुरू होता है?
सूर्य ग्रहण का सूतक ग्रहण लगने से ठीक 12 घंटे पहले शुरू हो जाता है। 21 सितंबर को लगने वाले सूर्य ग्रहण का सूतक काल सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगा। हालांकि, भारत में यह सूर्य ग्रहण नहीं दिखेगा और ना ही इसका सूतक काल भारत में मान्य होगा।
-
September 20, 2025 9:49 AM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दिन सूर्य के इन मंत्रों का करें जप
ॐ सूर्याय नमः।
ॐ आदित्याय नमः।
ॐ प्रभाकराय नमः।
ॐ ह्रां ह्रीं ह्रौं सः सूर्याय नमः।
ॐ ह्रीं ह्रीं सूर्याय सहस्रकिरणराय मनोवांछित फलम् देहि देहि स्वाहा। -
September 20, 2025 9:36 AM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दिन ग्रहों की स्थिति क्या होगी?
सूर्य ग्रहण 21 सितंबर के दिन सूर्य, चंद्रमा और बुध कन्या राशि में होंगे। शुक्र और केतु सिंह राशि में विराजमान रहेंगे। राहु कुंभ राशि में रहेंगे। शनि मीन राशि में विराजमान होंगे और मंगल तुला राशि में। वहीं गुरु मिथुन राशि में इस दिन विराजमान होंगे।
-
September 20, 2025 9:24 AM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दौरान पूजा-पाठ क्यों नहीं करते?
सूर्य ग्रहण के दौरान राहु-केतु का असर बढ़ जाता है। इसके कारण वातावरण में भी नकारात्मकता बढ़ती है, जिसके चलते शुभ मांगलिक कार्यों के साथ ही इस दौरान पूजा पाठ करना वर्जित होता है। ग्रहण के दौरान घर के पूजा स्थल को कपड़े से ढकने की सलाह धार्मिक जानकारों के द्वारा दी जाती है। ऐसा माना जाता है कि ग्रहण के दौरान किए गए धार्मिक कार्य और पूजा पाठ शुभ फलदायक नहीं होते, इसलिए ग्रहण के सूतक के समय पूजा नहीं करनी चाहिए। हालांकि इस दौरान ध्यान और मंत्रों का जप करना उचित माना जाता है।
-
September 20, 2025 8:57 AM (IST) Posted by Naveen Khantwal
Surya Grahan Daan: सूर्य ग्रहण के दिन इन चीजों का करें दान
सूर्य ग्रहण के दिन गेहूं, गुड़, चावल, लाल रंग के वस्त्र, स्वर्ण आदि दान करना बेहद शुभ माना जाता है। इन चीजों का दान करने से सूर्य ग्रह कुंडली में मजबूत होता है। 21 सितंबर के सूर्य ग्रहण के दिन सर्वपितृ अमावस्या भी रहेगी इसलिए पितरों के निमित्त अन्न, वस्त्र का दान करना भी जीवन में शुभता लेकर आएगा।
-
September 20, 2025 8:30 AM (IST) Posted by Naveen Khantwal
सूर्य ग्रहण के दौरान किन देवी-देवताओं के मंत्रों का जप करना चाहिए?
सूर्य ग्रहण के दौरान सूर्य देव के मंत्रों का जप करना और गायत्री मंत्र का जप करना सबसे शुभ माना जाता है। इसके अलावा भगवान विष्णु और शिवजी के मंत्रों का जप करना भी इस दिन शुभ होता है।
-
September 20, 2025 8:17 AM (IST) Posted by Naveen Khantwal
Surya Grahan 2025: सूर्य ग्रहण के दौरान क्या न करें?
- सूर्य ग्रहण के सूतक काल के दौरान खाना बनाना और खाना वर्जित माना जाता है। हालांकि बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं पर यह नियम लागू नहीं होता।
- गर्भवती महिलाएं सूर्य ग्रहण वाले दिन घर से बाहर निकलने से बचें।
- सूर्य ग्रहण के दौरान सोने से भी आपको बचना चाहिए।
- सूर्य ग्रहण के दौरान मूर्तियों को छूने से बचना चाहिए। इस दौरान घर के मंदिर को लाल या पीले कपड़े से ढक देना चाहिए।
- ग्रहण काल में किसी भी तरह का शुभ मांगलिक कार्य नहीं करना चाहिए, ना ही नए काम की शुरूआत करनी चाहिए।