1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Surya Nakshatra Parivartan: सूर्य 11 मई को बदलेंगे नक्षत्र, कमजोर होगी 4 राशियों की आर्थिक स्थिति, रहना होगा बेहद सतर्क

Surya Nakshatra Parivartan: सूर्य 11 मई को बदलेंगे नक्षत्र, कमजोर होगी 4 राशियों की आर्थिक स्थिति, रहना होगा बेहद सतर्क

Surya Nakshatra Parivartan: सूर्य ग्रह 11 मई को नक्षत्र परिवर्तन करते हुए अपने ही नक्षत्र कृतिका में प्रवेश कर जाएंगे। सूर्य के नक्षत्र परिवर्तन करने से किन राशियों को जीवन में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, आइए जानते हैं।

Surya Nakshatra Gochar- India TV Hindi
Image Source : FILE IMAGE सूर्य नक्षत्र परिवर्तन

Surya Nakshatra Parivartan: ग्रहों के राजा सूर्य 11 मई के दिन नक्षत्र परिवर्तन कर देंगे। सूर्य का गोचर उनके ही नक्षत्र कृतिका में होगा। सूर्य के कृतिका नक्षत्र में प्रवेश करने से कई राशियों को जीवन में बदलाव देखने को मिलेंगे। कुछ राशियों के लिए यह गोचर अच्छा रहेगा वहीं कुछ लोग चुनौतियों का सामना भी इस गोचर के कारण कर सकते हैं। आज हम आपको बताएंगे कि सूर्य का यह गोचर किन राशियों के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकता है, और क्या उपाय करने से सूर्य की प्रतिकूलता को आप कम कर सकते हैं। 

वृषभ राशि 

सूर्य के कृतिका नक्षत्र में प्रवेश करने के बाद आपको सेहत से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ जातकों को नींद न आने के कारण मानसिक तनाव होगा। इस दौरान आपके लिए ध्यान करना बेहद लाभदायक सिद्ध हो सकता है। नियम-कानूनों को तोड़ने से इस दौरान बचें नहीं तो किसी बड़ी मुसीबत में फंस सकते हैं। आर्थिक पक्ष डगमगा सकता है, अचानक से किसी चीज पर बड़ी धन राशि खर्च होने की आशंका है। सही बजट बनाकर चलते हैं तो विपरीत परिस्थितियों से पार पा सकते हैं। उपाय के तौर पर गुड़ का दान करें। 

तुला राशि

सूर्य के कृतिका नक्षत्र में प्रवेश करने के चलते वैवाहिक संबंधों में उतार-चढ़ाव आ सकता है। क्रोध और गलतफहमी जीवनसाथी से आपको दूर कर सकती है। धैर्य के साथ इस दौरान आगे बढ़ना होगा। सामाजिक स्तर पर भी भावनाओं में बहकर कुछ न कहें, आपकी बातों का गलत मतलब निकाला जा सकता है। कुछ लोगों का प्रमोशन या इंक्रीमेंट रुक सकता है, जिसके चलते आर्थिक स्थिति डगमगाएगी। उपाय के तौर पर तुला राशि के जातकों को यथासंभव दान करना चाहिए। 

वृश्चिक

वृश्चिक राशि के जातक सूर्य के नक्षत्र परिवर्तन के बाद पारिवारिक जीवन में उतार-चढ़ाव देख सकते हैं। माता के पक्ष के किसी व्यक्ति के कारण परिवार में कलह की स्थिति बन सकती है। गुस्सा आप पर हावी हो सकता है जिसके चलते आपके करीबी भी आपसे दूरी बना सकते हैं। सट्टेबाजी में पैसा लगाकर धन की हानि होने की संभावना है। रोजगार की तलाश करने वालों को अपने प्रयास बढ़ाने होंगे। उपाय के तौर पर आपको सुबह के समय सूर्य देव को जल का अर्घ्य देना चाहिए।  

कुंभ

शनि के स्वामित्व वाली कुंभ राशि के जातकों को अपने सामान और धन का विशेष ध्यान देना होगा। सूर्य के नक्षत्र परिवर्तन करने से किसी कीमती सामान की चोरी हो सकती है। इसके साथ ही अपना समझकर किसी को दिया गया धन इस दौरान लंबे समय तक अटक सकता है। सामाजिक स्तर पर भी दिक्कतों का सामना आपको करना पड़ेगा। पड़ोसियों के साथ नोकझोंक के कारण सामाजिक स्थिति बिगड़ेगी। इस राशि के जातकों को सेहत में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। उपाय के तौर पर सूर्य ग्रह के बीज मंत्र का जप करें।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इंडिया टीवी इस बारे में किसी तरह की कोई पुष्टि नहीं करता है। इसे सामान्य जनरुचि को ध्यान में रखकर यहां प्रस्तुत किया गया है।)