Water Plants Vastu: पानी वाले पौधे घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा भी लेकर आते हैं। इस वजह से घरों में इन्हें रखने का ट्रेंड काफी ज्यादा बढ़ गया है। मनी प्लांट, लकी बैम्बू जैसे पानी वाले पौधे लगभग हर दूसरे घर में कांच की बोतलों में सजे हुए मिल ही जाते हैं। खास बात ये है कि इन पौधों को ज्यादा देखभाल की भी जरूरत नहीं होती। लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार अगर आप पानी वाले पौधे रखते समय कुछ खास बातों का ध्यान नहीं रखते हैं तो इससे राहु-केतु का भयंकर दोष आपको लग सकता है।
1. पानी न बदलने की गलती
ये ऐसी आम और खतरनाक गलती है जो अमूमन हर कोई करता है। वास्तु अनुसार जो लोग कई-कई दिनों तक पौधों का पानी नहीं बदलते हैं उन्हें राहु का प्रकोप झेलना पड़ सकता है। गंदा और बदबूदार पानी आपकी कंगाली का कारण भी बन सकता है इसलिए हर 4 से 5 दिन में पौधे का पानी जरूर बदल लेना चाहिए।
2. पत्तियों के सड़ने को नजरअंदाज करना
अक्सर देखने में आता है कि जब पानी में रखे पौधों की पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं या सड़ने लगती हैं तो लोग उसे ऐसे ही छोड़ देते हैं। धीरे-धीरे करके पूरा पौधा ही खराब हो जाता है। सड़ती हुई पत्तियां केतु के नकारात्मक प्रभाव को बढ़ाती हैं। जिससे घर-परिवार के लोग बीमार पड़ने लगते हैं, इसलिए जैसे ही कोई पत्ती पीली या सूखी दिखाई दे तो उसे तुरंत काटकर अलग कर दें।
3. गलत दिशा में पौधे रखने की गलती
वास्तु शास्त्र अनुसार पानी वाले पौधों को कभी भी गलत दिशा में नहीं रखना चाहिए। खासतौर से इन्हें दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम दिशा में तो भूलकर भी नहीं रखना चाहिए। कहते हैं गलत दिशा में रखा गया पौधा आर्थिक तंगी का कारण बन सकता है। वास्तु अनुसार पानी वाले पौधों को हमेशा उत्तर या उत्तर-पूर्व दिशा में ही रखना चाहिए।
4. धूप न मिलना
अधिकतर लोग पानी वाले पौधों को घर में कहीं भी रख देते हैं। जिससे इन पौधों को प्राकृतिक रोशनी सही से नहीं मिल पाती। कहते हैं बिना रोशनी के पौधे में नकारात्मक ऊर्जा आने लगती है। जिससे घर में तनाव और कलह बढ़ता है। ऐसे में इन पौधों को ऐसे स्थान पर रखें जहां थोड़ी-बहुत सूर्य की रोशनी या ताजी हवा जरूर आती हो।
5. गलत तरीके से रखना
कई लोग पानी वाले पौधों को किसी भी रंग-बिरंगे प्लास्टिक के डिब्बे या गंदे बर्तनों में लगा देते हैं जिससे भयंकर वास्तु दोष लग सकता है। कहते हैं प्लास्टिक के पात्र में पानी का पौधा रखने से सकारात्मक ऊर्जा दूर चली जाती है। ऐसे में इन पौधों को हमेशा कांच या चीनी मिट्टी के बर्तनों में रखना चाहिए।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
Pani Wale Lucky Paudhe: बिना मिट्टी के उगने वाले ये 5 पौधे हैं कुबेर का वरदान, घर में चुंबक की तरह खिंचा आएगा पैसा!