घर को साफ-सुथरा रखना न सिर्फ स्वच्छता के लिहाज से जरूरी है, बल्कि वास्तु शास्त्र में भी इसका खास महत्व बताया गया है। मान्यता है कि गंदगी और अव्यवस्था से घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ सकता है। इसी वजह से कई लोग घर की सफाई के लिए नमक के पानी का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, वास्तु विशेषज्ञ के अनुसार पानी में सीधे नमक मिलाकर पोछा लगाने से इसका पूरा लाभ नहीं मिलता। इसके लिए एक खास तरीका अपनाने की सलाह दी जाती है।
नकारात्मक ऊर्जा दूर करता है नमक
वास्तु शास्त्र में नमक को नकारात्मक ऊर्जा और नजर दोष से जुड़ी तरंगों को सोखने वाला माना जाता है। मान्यता के अनुसार, सही तरीके से नमक का इस्तेमाल करने पर घर के वातावरण में सकारात्मकता बनी रहती है। वहीं, गंदगी और अव्यवस्था को घर में नकारात्मकता बढ़ाने वाला माना जाता है, जिससे तनाव, चिड़चिड़ापन और काम में रुकावट जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं।
नमक का पोछा लगाने का सही तरीका
- अक्सर लोग पोछा लगाने के लिए बाल्टी में सामान्य पानी लेते हैं और उसमें ऊपर से नमक डाल देते हैं। वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार, यह तरीका पूरी तरह प्रभावी नहीं माना जाता। नमक के पानी का पूरा लाभ लेने के लिए इसे तैयार करने का सही तरीका अपनाना जरूरी है।
- वास्तु जानकारों के अनुसार, पोछे के लिए इस्तेमाल होने वाले पानी में सबसे पहले खड़ा समुद्री नमक या सेंधा नमक डालें। अब पानी और नमक को एक साथ अच्छी तरह उबालें। ध्यान रखें कि नमक पानी में अच्छी तरह घुल जाए। इसके बाद पानी को अपने आप सामान्य तापमान पर आने दें।
- पानी पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से ठंडा हो जाए, तभी इससे घर में पोछा लगाएं। वास्तु मान्यता के अनुसार, पानी को उबालने से नमक की सफाई से जुड़ी क्षमता सक्रिय होती है और ठंडा होने के बाद यह नकारात्मक ऊर्जा को अवशोषित करने में बेहतर तरीके से काम करता है।
पोछा लगाने के बाद पानी कहां फेंकें
पोछा लगाने के बाद बचे हुए पानी को घर में रखने से बचें। वास्तु के अनुसार इसे बाथरूम में भी नहीं डालना चाहिए। पोछे का बचा हुआ पानी घर के बाहर किसी नाली में बहा देना बेहतर माना जाता, ताकि सफाई के बाद निकला पानी घर के अंदर न रहे।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें:
शुक्र-चंद्रमा के बीच 28 सितंबर को बनेगा समसप्तक योग, 3 राशियां हो सकती हैं मालमाल