A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ग्रेटर नोएडा वनडे: अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 34 रनों से हराया

ग्रेटर नोएडा वनडे: अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 34 रनों से हराया

कप्तान असगर स्टानिकजाई (101) की शानदार शतकीय पारी और राशिद खान (6/46) बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा खेल परिसर में खेले गए दूसरे वनडे मैच में आयरलैंड को 34 रनों से हरा दिया।

Afghanistan Team | AP Photo- India TV Hindi
Afghanistan Team | AP Photo

ग्रेटर नोएडा: कप्तान असगर स्टानिकजाई (101) की शानदार शतकीय पारी और राशिद खान (6/46) बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा खेल परिसर में खेले गए दूसरे वनडे मैच में आयरलैंड को 34 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ 5 वनडे मैचों की सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने असगर के शतक और रहमत शाह (68), मोहम्मद शहजाद (63) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में सभी विकेट खोकर 338 रन बनाए। टीम के लिए शफिकुल्ला ने 35 रनों का अहम योगदान दिया। इस मैच में आयरलैंड के लिए पॉल स्टर्लिग ने सबसे ज्यादा 6 विकेट लिए, वहीं जॉर्ज डॉकरेल को 2 और पीटर चेज को एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन बाद में राशिद ने टीम को संभलने का मौका न देते हुए उसकी पारी 47.3 ओवरों में 304 रनों पर ही समेट दी।

Paul Stirling | AP Photo

पॉल स्टर्लिंग। (AP फोटो)

आयरलैंड के लिए अफगानिस्तान की पारी में सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले स्टर्लिग ने सबसे अधिक 95 रन बनाए। इसके अलावा, एड जोएस ने 55, कप्तान विलियम पोर्टफील्ड ने 45 और स्टुअर्ट थॉम्पसन ने 37 रनों का योगदान दिया। अफगानिस्तान के लिए राशिद ने सबसे अधिक विकेट लिए, वहीं दौलत जादरान ने 3 और गुलबदन नाएब ने एक विकेट लिया। आयरलैंड की टीम के खिलाड़ी स्टर्लिग को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। दोनों टीमों के बीच तीसरा वनडे मैच 19 मार्च को ग्रेटर नोएडा खेल परिसर में ही खेला जाएगा।

Latest Cricket News