1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मेरी और शिखर की तुलना सचिन-सौरव जोड़ी से करना अद्भुत: रोहित शर्मा

मेरी और शिखर की तुलना सचिन-सौरव जोड़ी से करना अद्भुत: रोहित शर्मा

नयी दिल्ली: सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की महान सलामी जोड़ी से तुलना शानदार है लेकिन रोहित शर्मा का मानना है कि उनकी और शिखर धवन की जोड़ी को उस मुकाम तक पहुंचने के लिये

rohit sharma- India TV Hindi
rohit sharma

नयी दिल्ली: सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की महान सलामी जोड़ी से तुलना शानदार है लेकिन रोहित शर्मा का मानना है कि उनकी और शिखर धवन की जोड़ी को उस मुकाम तक पहुंचने के लिये अभी लंबा सफर तय करना है ।

रोहित ने प्रेस ट्रस्ट से कहा, भारत की सबसे सफल सलामी जोड़ी : गांगुली-तेंदुलकर से तुलना से काफी संतोष मिलता है । यदि मैं और शिखर वैसी सफलता हासिल कर सके तो बेहतरीन होगा ।

उन्होंने कहा कि हम अभी वहां तक पहुंचे नहीं है लेकिन हम दोनों दर्शकों का मनोरंजन करके भारत के लिये ज्यादा से ज्यादा मैच जीतना चाहेंगे। दोनों ने आस्ट्रेलिया में बेहतरीन प्रदर्शन किया। रोहित को वनडे श्रृंखला में 1.4 से हार के बावजूद मैन आफ द सीरिज चुना गया था।

रोहित ने कहा कि यह मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं है। मैं हमेशा खुद से यही कहता हूं कि मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अभी बाकी है। मैने वनडे श्रृंखला में 441 रन बनाये। अगली बड़ी श्रृंखला में मेरा लक्ष्य इससे ज्यादा रन बनाने का होगा। यदि मैं अपनी पिछली उपलब्धियों से खुश होने लगूं तो कभी नये मुकाम हासिल नहीं कर सकूंगा ।
उन्होंने यह भी कहा कि इस जीत की तुलना 2007 . 08 में सीबी सीरिज में मिली जीत से नहीं की जा सकती । उन्होंने कहा , वह श्रृंखला अलग थी । मैं 20 साल का था और नये कप्तान (धोनी) अभी सामंजस्य बिठा रहे थे । उनके पास ब्रेट ली, नाथन ब्रेकन और युवा मिशेल जानसन थे जबकि बल्लेबाजी में हेडन, गिलक्रिस्ट, पोंटिंग और क्लार्क थे ।

क्रिकेट पंडित तकनीक के बारे में काफी बातें करते हैं लेकिन रोहित का मानना है कि वह इस पर श्रृंखला के दौरान फोकस नहीं करते हैं । उन्होंने कहा , यह मेरी तैयारी का हिस्सा है । जब श्रृंखला चल रही होती है तो मैचों के बीच तीन दिन का अंतर होता है, मैं तकनीक से छेड़छाड़ नहीं करता । मैं कुछ नया नहीं आज़माता। श्रृंखला खत्म होने के बाद ही मैं वीडियो देखकर विश्लेषण करता हूं।

भारतीय बल्लेबाजी क्रम का अभिन्न अंग बने रोहित ने स्वीकार किया कि वह मानसिक रूप से काफी अच्छी स्थिति में हैं।

"मैं अच्छी स्थिति में हूं । मेरे पास आठ साल का अनुभव है और मुझे पता है कि टीम में मेरी क्या भूमिका है । मैने, कोहली, पुजारा, रहाणे और शिखर ने एक दूसरे के साथ और घरेलू स्तर पर एक दूसरे के खिलाफ काफी क्रिकेट खेली है।"

उन्होंने कहा, हमें पता था कि तेंदुलकर, गांगुली, द्रविड़ और लक्ष्मण के संन्यास के बाद हमारी बारी है । हम अपने कैरियर के बीच में है और एक दूसरे की कामयाबी का मजा लेते हैं । हम राष्ट्रीय टीम के लिये ज्यादा से ज्यादा सफलता हासिल करने की कोशिश करेंगे ।

Latest Cricket News