श्रीलंका के बल्लेबाज एंजेलो परेरा ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में खेले गए मैच की दोनों पारियों में दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया। परेरा अब फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दोनों पारियों में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। परेरा से पहले इंग्लैंड के अर्थर फैग ने साल 1938 में केंट की तरफ से खेलते हुए एसेक्स के खिलाफ दोनों पारियों में दोहरा शतक लगाया था। फैग ने उस मैच की पहली पारी में 244 और दूसरी पारी में 202 रन बनाए थे।
अब 81 साल के बाद श्रीलंका के बल्लेबाज परेरा ने इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। परेरा ने सिन्हालीस स्पोर्ट्स क्लब के खिलाफ इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया। नॉनडेस्क्रिप्ट्स की तरफ से खेलते हुए परेरा ने पहली पारी में 203 गेंदों में 201 और दूसरी पारी में 268 गेंदों में 231 रनों की पारी खेली।
श्रीलंका के लिए 4 वनडे और 2 टी20 मैच खेलने वाले परेरा ने इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी की और एक बड़े रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया। 28 साल के इस बल्लेबाज ने जिस तरह की गजब की बल्लेबाजी की है उससे इस खिलाड़ी ने चयनकर्ताओं का ध्यान भी अपनी तरफ खींचा है और अगर वो लगातार घरेलू क्रिकेट में इस तरह का खेल दिखाते रहे तो फिर वो राष्ट्रीय टीम का हिस्सा भी बन सकते हैं।
Latest Cricket News