एडिलेड: टिम पेन और शान मार्श की अहम पारियों से आस्ट्रेलिया ने आज यहां दूसरे एशेज़ टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ चाय ब्रेक तक छह विकेट गंवाकर 306 रन बना लिये।
विकेटकीपर पेन को सात साल में पहली बार आस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया, उन्होंने 102 गेंद में 57 रन की पारी खेली। उन्होंने आउट होने से पहले मार्श के साथ 85 रन की भागीदारी निभायी। वह क्रेग ओवर्टन की गेंद को पुल करने के प्रयास में बाउंड्री पर कैच आउट हुए।
सात साल पहले उनकी तर्जनी ऊंगली में फ्रेक्चर हो गया था, जिसके कारण उन्हें 2010 में टेस्ट टीम में अपना स्थान गंवाना पड़ा था। उन्होंने मोईन अली की गेंद पर लांग आन पर गगनचुंबी छक्के से 91 गेंद में तीसरा टेस्ट अर्धशतक जमाया। ब्रेक तक मार्श 49 रन और मिशेल स्टार्क चार रन बनाकर क्रीज पर डटे थे।
Latest Cricket News