1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सिडनी में दो स्पिनर उतार सकता है ऑस्ट्रेलिया, भारत दौरे पर नजर

सिडनी में दो स्पिनर उतार सकता है ऑस्ट्रेलिया, भारत दौरे पर नजर

ऑस्ट्रेलिया की निगाहें अब भारत दौरे पर लगी हैं जिससे पाकिस्तान के खिलाफ मंगलवार को शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट में टीम अपने स्पिन के विकल्प आजमाना चाहेगी।

Misbah Ul Haq and Steven Smith | Getty Images- India TV Hindi
Misbah Ul Haq and Steven Smith | Getty Images

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया की निगाहें अब भारत दौरे पर लगी हैं जिससे पाकिस्तान के खिलाफ मंगलवार को शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट में टीम अपने स्पिन के विकल्प आजमाना चाहेगी। वहीं, पाकिस्तानी टीम ऑस्ट्रेलिया में 22 साल पहले सिडनी में अंतिम जीत दर्ज करने के बाद लगातार 11 टेस्ट गंवा चुकी है और उस पर लगातार 12वें टेस्ट में हार का खतरा मंडरा रहा है।

स्टीवन स्मिथ की ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 3 मैचों की सीरीज शुक्रवार को ही एक टेस्ट रहते ही अपने नाम कर ली। उसने दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान को शुक्रवार को पारी से शिकस्त दी। वहीं, पाकिस्तानी टीम के 42 वर्षीय कप्तान मिस्बाह उल हक ने स्वीकार किया कि वह संन्यास लेने के बारे में सोच रहे थे और ऐसा सिडनी में सीरीज समाप्त होने से पहले भी संभव हो सकता है। मिस्बाह ने ऑस्ट्रेलिया से पारी और 18 रन से हारने के बाद कहा, ‘मेरा हमेशा ही मानना है कि अगर मैं टीम के लिये योगदान नहीं कर सकता तो इसमें बने रहने का कोई मतलब नहीं हैं। मैंने सिडनी के बारे में कुछ फैसला नहीं किया है लेकिन देखते हैं।’ हालांकि मिस्बाह अपने देश को किसी अन्य पाकिस्तानी कप्तान से ज्यादा जीत दिला चुके हैं, उनकी अगुवाई में टीम ने 52 टेस्ट में से 24 में जीत दर्ज की है।

वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पास अब चयन के लिए नई संभावनाएं हैं। स्पिनर स्टीव ओकीफे और एशटन एगर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड के विकेट के लिए 13 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है जिसके टर्न लेने की उम्मीद है। ऑस्ट्रेलियाई टीम फरवरी और मार्च में 4 टेस्ट के लिये भारत जाएगी, जहां टर्निंग पिचें होने की उम्मीद है जिससे ओकीफे और एगर के पास दौरे में खुद का दावा पेश करने के लिये अच्छा मौका होगा। कोच डेरेन लीमैन ने कहा, ‘ऐसी संभावना है कि हम इन 3 स्पिनरों में से 2 को खिलाएंगे जिसका मतलब है कि हमें एक ऑलराउंडर को शामिल करने के लिए भी देखना होगा। इससे जैक्सन बर्ड दुर्भाग्यशाली हो सकते हैं लेकिन यह पिच के उपर निर्भर होगा। टीम इनमें से चुनी जाएगी। 

ऑस्ट्रेलिया: स्टीव स्मिथ (कप्तान), डेविड वॉर्नर, ऐश्टन एगर, जैक्सन बर्ड, हिल्टन कार्टराइट, पीटर हैंड्सकॉम्ब, जोश हेजलवुड, उस्मान ख्वाजा, नाथन ल्योन, स्टीफन ओकीफे, मैट रेनशॉ, मिशेल स्टार्क, मैथ्यू वेड। 

पाकिस्तान: अजहर अली, समी असलम, बाबर आजम, यूनिस खान, मिस्बाह उल हक (कप्तान), असद शफीक, मोहम्मद नवाज, सरफराज अहमद, वहाब रियाज, यासिर शाह, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद असगर, सोहेल खान।

Latest Cricket News