मेलबर्न: अजहर अली ने आस्ट्रेलिया में पाकिस्तान के किसी भी बल्लेबाज द्वारा सर्वोच्च स्कोर बनाया जिसके बाद दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन चाय तक मेजबान टीम ने भी अच्छी शुरूआत की।
अज़हर ने मेलबर्न में 44 साल पहले माजिद खान के 158 रन के पाकिस्तानी बल्लेबाज के पिछले सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर को पीछे छोड़ते हुए नाबाद 205 रन बनाए लेकिन जब वह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर किसी विदेशी बल्लेबाज के सर्वोच्च स्कोर से तीन रन पीछे थे तब पाकिस्तान के कप्तान मिसबाह उल हक ने नौ विकेट पर 443 रन पर पारी घोषित कर दी। इस मैदान पर किसी विदेशी बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर 208 रन है जो विव रिचड्र्स के नाम दर्ज है।
अजहर लगभग 10 घंटे क्रीज पर रहे और अपनी पारी के दौरान उन्होंने 364 गेंद का सामना करते हुए 20 चौके मारे।
आस्ट्रेलिया ने इसके बाद चाय तक एक विकेट पर 131 रन बनाकर अच्छी शुरूआत की। टीम अब भी पाकिस्तान से स्कोर से 312 रन पीछे है। डेविड वार्नर 77 जबकि उस्मान ख्वाजा 39 रन बनाकर खेल रहे हैं।
वार्नर ने 55 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और इस दौरान टेस्ट क्रिकेट में 5000 रन के आंकड़े को भी पार किया। वह एमसीजी पर अपने पहले शतक की ओर बढ़ रहे हैं।
आस्ट्रेलिया ने चाय से पहले एकमात्र विकेट मैट रैनशा का गंवाया जो 10 रन बनाने के बाद स्पिनर यासिर शाह की गेंद पर बोल्ड हुए।
इससे पहले सुबह के सत्र में पाकिस्तान ने एक विकेट खोकर 123 रन जोड़े। अजहर और टीम में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज सोहेल खान :65: ने आठवें विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की।
पहले सत्र में आउट होने वाले एकमात्र बल्लेबाज मोहम्मद आमिर रहे जिन्हौंने 27 गेंद में 29 रन बनाने के बाद मिशेल स्टार्क की गेंद पर विकेटकीपर मैथ्यू वेड को कैच थमाया। आमिर ने अपनी पारी में छह चौके जड़े और अजहर के साथ सातवें विकेट के लिए 49 रन जोड़े। राहत अली की जगह टीम में शामिल किए गए सोहेल ने आफ स्पिनर नाथन लियोन पर चार छक्के मारे। वह चाय के बाद रन आउट हुए। उन्हौंने 65 गेंद की पारी में छह चौके भी मारे।
अजहर ने इसके बाद स्टार्क की गेंद पर दो रन के साथ 362 गेंद में दोहरा शतक पूरा किया। अजहर ने 56वें टेस्ट में अपना 12वां शतक जड़ा और इस साल अपने टेस्ट रनों की संख्या को 1155 तक पहुंचाया। अक्तूबर में उन्होंने दुबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 302 रन की पारी खेली थी और दिन-रात्रि टेस्ट में तिहरा शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने थे।
अगले ओवर में जोस हेजलवुड की गेंद पर वहाब रियाज (01) ने इस तेज गेंदबाज को वापस कैच थमाया जिसके बाद मिसबाह ने पारी घोषित कर दी।
Latest Cricket News