मेलबर्न: अज़हर अली के शतक की बदौलत पाकिस्तान ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन लंच तक मजबूत वापसी की।
अपने 56वें टेस्ट में खेल रहे अजहर के करियर के 12वें टेस्ट शतक की बदौलत पाकिस्तान ने लंच तक चार विकेट पर 232 रन बनाए। यह आस्ट्रेलिया के खिलाफ अजहर का तीसरा शतक है।
पाकिस्तान ने सुबह के सत्र में एक भी विकेट नहीं गंवाया। अजहर 112 जबकि असद शाफिक 48 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों पांचवें विकेट के लिए अब तक 107 रन जोड़ चुके हैं।
अजहर ने फाइन लेग पर दो रन के साथ 338 मिनट में 218 गेंद में शतक पूरा किया और पाकिस्तान की ओर से साल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की। वह लंच तक साल में 1062 रन बना चुके हैं।
सत्र के बीच में हल्की बारिश के कारण हालांकि खिलाडि़यों को कुछ समय के लिए ड्रेसिंग रूम वापस लौटना पड़ा लेकिन इसके बाद खेल दोबारा शुरू हो गया जिसे लंच से पहले एक बार फिर रोकना पड़ा।
लंच के दौरान बारिश तेज हो गई। कल भी बारिश के कारण चाय के बाद का खेल नहीं हो पाया था।
Latest Cricket News