मीरपुर: बांग्लादेश के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज हारने और पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद शर्मनाक प्रदर्शन से उबरते हुए पाकिस्तान ने शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बुधवार से शुरू दूसरे टेस्ट मैच में पहले दिन तीन विकेट पर 323 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने तक अजहर अली 127 रन बनाकर कप्तान मिस्बाह उल हक (नाबाद 9) के साथ नाबाद लौटे।
टॉस हारकर पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरे पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 58 रनों के कुल योग पर उसके दोनों सलामी बल्लेबाज, मोहम्मद हफीज (8) और समी असलम (19) पवेलियन लौट चुके थे। हालांकि इसके बाद यूनिस खान (148) ने अजहर के साथ तीसरे विकेट के लिए 250 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया।
यूनिस दिन का खेल खत्म होने से कुछ ही पहले मोहम्मद शाहिद का दूसरा शिकार हुए। यूनिस ने अपेक्षाकृत तेज पारी खेली और 195 गेंदों में 11 चौकों के साथ तीन छक्के भी जड़े।
बांग्लादेश के कप्तान मुशफिकुर रहीम ने यूनिस, अजहर के बीच साझेदारी को तोड़ने के लिए अपने नौ खिलाड़ियों को गेंदबाजी आक्रमण पर लगाया, हालांकि उनमें से कोई भी खास सफल नहीं रहा।
शाहिद के अलावा ताइजूल इस्लाम एक विकेट हासिल कर सके।
Latest Cricket News