A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बेंगलुरू टेस्ट: पुजारा ने कहा, मैच जीतने की अभी भी पूरी संभावना

बेंगलुरू टेस्ट: पुजारा ने कहा, मैच जीतने की अभी भी पूरी संभावना

भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने रविवार को विश्वास व्यक्त किया है कि भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में जबरदस्त वापसी करेगी।

Cheteshwar Pujara | AP Photo- India TV Hindi
Cheteshwar Pujara | AP Photo

बेंगलुरू: भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने रविवार को विश्वास व्यक्त किया है कि भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में जबरदस्त वापसी करेगी। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट पर 237 रन बनाते हुए भारत पर पहली पारी के आधार पर 48 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

रविवार का खेल खत्म होने के बाद पुजारा ने कहा, ‘यह मैच जीतने की हमारी अभी पूरी संभावना है। एकबार हम अच्छा स्कोर कर लें, और हम देख रहे हैं कि विकेट पर गेंद अभी से नीची रहने लगी है। हमें पहले ऑस्ट्रेलिया के शेष 4 विकेट चटकाने हैं। इसके बाद हमें अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी और बड़ा स्कोर खड़ा करना होगा।’ पुजारा ने दूसरे दिन भारतीय तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना की, खासकर तेज गेंदबाजों उमेश यादव और इशांत शर्मा की। उमेश और इशांत ने पूरे दिन बेहद कसी हुई गेंदबाजी की, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया दूसरे दिन अपने स्कोर में सिर्फ 197 रन जोड़ सका। इशांत और उमेश अभी एक-एक विकेट ले सके हैं।

पुजारा ने कहा, ‘हमने पूरे दिन बेहतरीन गेंदबाजी की, खासकर हमारे तेज गेंदबाजों ने। तेज गेंदबाजों के लिए यह करना आसान नहीं होता। गेंद नीची रह रही है, लेकिन हमारे तेज गेंदबाजों ने अपनी पूरी ताकत से गेंदबाजी की।’ पुजारा ने कहा, ‘हम देख सकते हैं कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ज्यादा रन नहीं बना पाई। इसलिए एक मायने में यह हमारी जीत है और हमने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की, लेकिन हम पूरे दिन सिर्फ 6 विकेट हासिल कर सके।’

Latest Cricket News