1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बेंगलुरू टेस्ट: पुजारा और रहाणे डटे, भारत को 126 रनों की बढ़त

बेंगलुरू टेस्ट: पुजारा और रहाणे डटे, भारत को 126 रनों की बढ़त

चेतेश्वर पुजारा (79 नॉटआउट) और अजिंक्य रहाणे (40 नॉटआउट) एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के परेशानी का सबब बन गए।

Cheteshwar Pujara and Ajinkya Rahane | AP Photo- India TV Hindi
Cheteshwar Pujara and Ajinkya Rahane | AP Photo

बेंगलुरू: चेतेश्वर पुजारा (79 नॉटआउट) और अजिंक्य रहाणे (40 नॉटआउट) एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के परेशानी का सबब बन गए। दोनों बल्लेबाजों की संयमभरी पारियों की मदद से भारत ने दिन के समापन तक 4 विकेट पर 213 रन बना लिए हैं और ऑस्ट्रेलिया पर 126 रनों की बढ़त ले ली है। पुजारा और रहाणे के बीच पांचवें विकेट के लिए अब तक 93 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 276 रनों पर रोकने के बाद भारत पहली पारी के आधार पर 87 रनों से पीछे था। भोजनकाल से कुछ देर पहले अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी मेजबान टीम को सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (51) और अभिनव मुकुंद (16) ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़े। इसी स्कोर पर मुकुंद आउट हुए। 85 गेंदों की पारी में 4 चौके लगाने वाले राहुल 84 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे। कप्तान विराट कोहली (15) हालांकि कुछ खास नहीं कर पाए और हाजलेवुड की गेंद पर LBW हो गए। भारतीय टीम ने इसके बाद रहाणे के स्थान पर रवींद्र जडेजा को उतारा लेकिन यह प्रयोग कारगर साबित नहीं हुआ। जडेजा महज 2 रन बनाकर हैजलेवुड की गेंद पर बोल्ड हो गए।

Ravindra Jadeja | AP Photo

रविंद्र जडेजा ने शानदार गेंदबाजी की। (AP फोटो)

यहां से पुजारा और रहाणे ने अपने पैर जमाए और दिन का खेल खत्म होने तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। इससे पहले, दूसरे दिन के स्कोर 6 विकेट पर 237 रनों से आगे खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया सोमवार को अपने खाते में 39 रन ही और जोड़ पाई। उसे 276 रनों पर रोकने में 6 विकेट लेने वाले जडेजा ने अहम भूमिका निभाई। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को पहली पारी में 189 रनों पर ही ढेर कर दिया था।

Latest Cricket News