कोरोना महामारी के कारण बीसीसीआई की आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने सीज़न-13 को अगले आधिकारिक सूचना तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। आईपीएल के अधिकारिक ट्वीटर हैंडल के जरिए इस बात की जानकारी दी गई। आईपीएल-13 शुरुआत पिछले महीने 29 मार्च से शुरु होना था मगर महामारी की वजह से पहले इसे 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया था।
कोरोना महामारी के कारण देशव्यापी लॉकडाउन तीन मई तक बढाये जाने के कारण इसका टलना तय था। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव जय शाह ने आज जारी बयान में कहा ,‘‘ कोरोना वायरस महामारी के कारण दुनिया भर में पैदा हुए स्वास्थ्य संकट और महामारी को रोकने के लिये सरकार द्वारा किये गए लॉकडाउन के कारण बीसीसीआई की आईपीएल संचालन परिषद ने 2020 सत्र आगामी सूचना तक स्थगित करने का फैसला लिया है।’’
इसमें आगे कहा गया ,‘‘ हमारे महान खेल में देश की और खेल से जुड़े हर व्यक्ति की सेहत सर्वोपरि है। बीसीसीआई , फ्रेंचाइजी मालिकों, प्रसारकों, प्रायोजकों और सभी संबंधित पक्षों ने मिलकर यह फैसला लिया है कि जब हालात सुरक्षित होंगे, तभी आईपीएल का यह सत्र खेला जायेगा।’’
उन्होंने आगे कहा ,‘‘ बीसीसीआई हालात की समीक्षा करता रहेगा। सभी संबंधित पक्षों से संपर्क रखते हुए संभावित नयी तारीख के बारे में समीक्षा की जायेगी। हम केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और अन्य राज्य नियामक ईकाइयों से मार्गदर्शन लेते रहेंगे।’’
Latest Cricket News