नयी दिल्ली: बीसीसीआई ने भारतीय क्रिकेट टीम के ऐतिहासिक 500वें टेस्ट मैच के लिये मोहम्मद अजहरूद्दीन को आमंत्रित किया है और पूर्व कप्तान ने भी इसे स्वीकार कर लिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर में होने वाला अगला टेस्ट भारत का पारंपरिक प्रारूप का 500वां मैच है। अजहरूद्दीन पर 2000 में मैच फिक्सिंग प्रकरण में कथित रूप से शामिल होने के लिये आजीवन प्रतिबंध लगा हुआ था। अजहर को अदालत द्वारा बरी कर दिया गया था लेकिन बीसीसीआई अभी तक उन्हें अधिकारिक कार्यक्रमों में आमंत्रित करने से बचता रहा था।
अजहर को निमंत्रण के बारे में पूछने पर बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारी राजीव शुक्ला ने कहा कि उन्हें इसमें कुछ भी गलत नहीं लगता। शुक्ला ने कहा, वह भी पूर्व भारतीय कप्तान है। पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर, दिलीप वेंगसरकर और के श्रीकांत ने बीसीसीआई का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और वह ग्रीन पार्क में टेस्ट के दौरान उपस्थित रहेंगे। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के सचिव शुक्ला ने आज पीटीआई से कहा, सचिन, वेंगसरकर, श्रीकांत और अजहर ने पुष्टि कर दी है कि वे इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। अजीत अगरकर ने बोर्ड को सूचित किया कि उनकी तबियत ठीक नहीं है, इसलिये वह इसमें शिरकत नहीं कर सकते।
Latest Cricket News