A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लोढ़ा समिति की सिफारिशें जल्द लागू करने BCCI करेगी समिति का गठन

लोढ़ा समिति की सिफारिशें जल्द लागू करने BCCI करेगी समिति का गठन

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को हुई विशेष आम बैठक में लोढ़ा समिति सिफारिशें जल्द से जल्द लागू करने के लिए एक समिति गठित करने का फैसला किया है।

Representational Image | PTI- India TV Hindi
Representational Image | PTI

मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को हुई विशेष आम बैठक में लोढ़ा समिति सिफारिशें जल्द से जल्द लागू करने के लिए एक समिति गठित करने का फैसला किया है। यह समिति 'एक राज्य-एक वोट', 70 साल की आयु सीमा, चयन समिति में सदस्यों की संख्या 3 से बढ़ाकर 5 या उससे अधिक करने जैसे मुद्दे भी देखेगी। अगले 2-3 दिन में समिति अपना काम शुरू कर देगी और एक पखवाड़े के अंदर अपनी पहली रिपोर्ट देगी।

BCCI के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी ने बैठक के बाद कहा, ‘सुप्रीम कोर्ट का आदेश लागू करना सुनिश्चित करने के लिए BCCI एक समिति गठित करेगी। मंगलवार को 5-6 सदस्यों वाली समिति गठित की जाएगी, जो  सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन जल्द से जल्द कराने के कार्य की देखरेख करेगी।’ विशेष आम बैठक में पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय श्रृंखलाएं खेलने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दिशा में हुई प्रगति के संबंध में पूछे जाने पर चौधरी ने कहा कि स्थितियां अभी वैसी ही बनी हुई हैं और सरकार की अनुमति मिलने के बाद ही किसी दौरे की संभावना बन सकेगी।

चौधरी ने कहा, ‘BCCI द्वारा 2014 में किए गए समझौते के आधार पर हमने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से मुलाकात की है। यह जरूरी भी थी। हमारा पक्ष अभी भी वही है। सरकार की इजाजत मिलने के बाद ही किसी दौरे की संभावना बनेगी।’ राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) के निलंबन के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। BCCI की सोमवार को हुई इस बैठक में पूर्व अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन ने भी हिस्सा लिया।

Latest Cricket News