नयी दिल्ली: अच्छे तेज गेंदबाजों की कमी की समस्या से जूझ रहा भारतीय टीम प्रबंधन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अगले महीने नागपुर और दिल्ली में होने वाले अंतिम दो टेस्ट के लिए बंगाल के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को नहीं चुनने पर विचार कर सकता है जिससे कि वह अगले साल होने वाले आईसीसी विश्व टी20 के लिए पूरी तरह फिट हो जाएं।।
घुटने की सर्जरी कराने वाले शमी अब भी इससे उबर रहे हैं और उन्होंने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रिहैबिलिटेशन शुरू कर दिया है। वह 60 प्रतिशत फिट हैं लेकिन पूर्ण मैच फिटनेस हासिल करने में अभी कुछ समय लगेगा।
शमी के बचपन के कोच बदरूद्दीन सिद्दिकी ने आज पीटीआई से कहा, मैंने कुछ समय पहले शमी से बात की और उसने कहा कि वह 60-70 प्रतिशत फिट है। वह अब भी पूरी ताकत के साथ गेंदबाजी नहीं कर रहा है। इस तरह की संभावना है कि वह दिल्ली (तीन दिसंबर से) में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम टेस्ट तक मैच फिट हो जाए लेकिन मैंने सुना है कि टीम प्रबंधन ने उससे कहा है कि आस्ट्रेलिया दौरे और अगले साल विश्व टी20 के लिए उसकी जरूरत है और उनके उसे लेकर जोखिम नहीं उठाने की संभावना है।
Latest Cricket News