A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL में कोई भी टीम कम नहीं, 3-4 मैच बदल सकते हैं हालात: रवि शास्त्री

IPL में कोई भी टीम कम नहीं, 3-4 मैच बदल सकते हैं हालात: रवि शास्त्री

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के दिल्ली डेयरडेविल्स को IPL की सबसे कमजोर टीम बताने के बयान पर रवि शास्त्री ने गुरुवार को कहा है कि आप किसी भी टीम को खेल के छोटे प्रारूप में कम नहीं आंक सकते।

Ravi Shastri | Getty Images- India TV Hindi
Ravi Shastri | Getty Images

नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के दिल्ली डेयरडेविल्स को IPL की सबसे कमजोर टीम बताने के बयान पर रवि शास्त्री ने गुरुवार को कहा है कि आप किसी भी टीम को खेल के छोटे प्रारूप में कम नहीं आंक सकते। गांगुली ने डेयरडेविल्स को IPL के 10वें संस्करण की सबसे कमजोर टीम बताया था।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

शास्त्री ने कहा, ‘IPL में आप किसी को भी कम नहीं आंक सकते क्योंकि जब आप एक बार विजयी पथ पर आ जाते हैं और फिर 3-4 मैच जीत जाते हैं तो हालात बदल जाते हैं। मैं यह सिर्फ डेयरडेविल्स के लिए नहीं कह रहा हूं, यह कोई भी टीम हो सकती है।’ गांगुली ने मंगलवार को कहा था कि दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक और अब्राहम डिविलियर्स की गैरमौजूदगी में डेयरडेविल्स की टीम छठे स्थान पर रहेगी। इन दोनों के अलावा श्रेयस अय्यर भी चिकनपॉक्स की समस्या के कारण टीम के साथ नहीं है। शास्त्री पूरी तरह से गांगुली के बयान से असहमत दिखे। उन्होंने कहा कि डेयरडेविल्स की टीम के पास संतुलन है उन्हें बस हालात के मुताबिक खेलना होगा। 

इन्हें भी पढ़ें:

भारतीय टीम के पूर्व निदेशक शास्त्री ने कहा, ‘कौन-सी टीम बेहतर है इसका फैसला करने में अभी समय है। मेरा मानना है कि डेयरडेविल्स के पास हमेशा से अच्छी टीम रही है। उन्हें बस टूर्नामेंट के अंत तक अच्छे से खेलने की जरूरत है। वह हमेशा अच्छा खेलते हैं, लेकिन अंत में आकर लय खो बैठते हैं। मैं आश्वस्त हूं कि राहुल द्रविड़ और कप्तान जहीर खान के रूप में उनके पास दो अनुभवी खिलाड़ी हैं। यह दोनों अब स्थिति को बदलने की कोशिश करेंगे। उनके पास अच्छे खिलाड़ी हैं। अच्छा गेंदबाजी आक्रमण भी है साथ ही अच्छे बल्लेबाज भी हैं।’ दिल्ली अपना पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ शनिवार को बेंगलुरू में खेलेगी।

Latest Cricket News