केपटाउन: कागिसो रबाडा (55/6) की धारदार गेंदबाजी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने न्यूलैंड्स मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन गुरुवार को श्रीलंका को 282 रनों से मात दे दी। इसी के साथ मेजबान टीम ने 3 टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। साउथ अफ्रीका ने चौथी पारी में श्रीलंका के सामने जीत के लिए 507 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। मेहमान टीम इस लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाई और 62 ओवरों में 224 रनों पर ढेर हो गई।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
साउथ अफ्रीका के लिए रबाडा के अलावा वेरनॉन फिलेंडर ने 3 विकेट लिए जबकि केशव महाराज को एक विकेट मिला। रबाडा ने पहली पारी में 4 विकेट लिए थे। मैच में कुल 10 विकेट लेने वाले रबाडा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ने तीसरे दिन ही 130 रनों पर अपने 4 विकेट खो दिए थे। यहां से साउथ अफ्रीका की जीत लगभग तय लग रही थी। श्रीलंका की उम्मीदें दो सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (49) और दिनेश चांडिमल (30) पर टिकी थीं।
चौथे दिन दोनों बल्लेबाज श्रीलंका की दूसरी पारी आगे बढ़ाने उतरे, लेकिन रबाडा ने इस साझेदारी को आगे बढ़ने नहीं दिया। मेहमान टीम चौथे दिन अपने खाते में 14 रनों का ही इजाफा कर पाई थी कि रबाडा ने चंडीमल को आउट कर श्रीलंका को बड़ा झटका दे दिया। उन्होंने कप्तान के साथ पांचवें विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी की। यह दोनों तब मैदान पर उतरे थे जब श्रीलंका ने 69 रनों पर ही अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। उपुल थरंगा (12) भी कप्तान का साथ नहीं दे सके और 165 रनों पर रबाडा का शिकार हो कर पवेलियन लौट गए। एक रन बाद ही मैथ्यूज को भी रबाडा ने पवेलियन की रहा दिखाई।
यहां से श्रीलंका की जीत की उम्मीदें खत्म हो गई थीं। रंगना हेराथ (35 नॉटआउट) ने निचले क्रम में अकेले संघर्ष किया लेकिन साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने दूसरे छोर से लगातार विकेट चटकाते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में डीन एल्गर (129) और क्विंटन डी कॉक (101) की शानदार पारियों की मदद से 392 रन बनाए थे और श्रीलंका को उसकी पहली पारी में महज 110 रनों पर ही समेट दिया था। मेजबान टीम ने अपनी दूसरी पारी 7 विकेट पर 224 रनों पर घोषित कर श्रीलंका के सामने 507 रनों का लक्ष्य रखा था। एल्गर ने इस पारी में भी 55 रनों का योगदान दिया था।
Latest Cricket News