कराची: ICC के पूर्व अध्यक्ष एहसान मनी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भारत के खिलाफ 19 मार्च को धर्मशाला में टी20 विश्व कप का मैच नहीं खेलने की सलाह दी है। मनी ने डान न्यूज चैनल से कल कहा कि पीसीबी को पाकिस्तानी टीम को धर्मशाला में खेलने की अनुमति नहीं देने की राज्य सरकार की चेतावनी को संजीदगी से लेना चाहिये।
उन्होंने कहा, मैं PCB को सलाह दूंगा कि इन धमकियों को संजीदगी से ले क्योंकि यह मसला हमारे खिलाडि़यों, अधिकारियों , लोगों और मीडिया की सुरक्षा का है।
BCCI अध्यक्ष शशांक मनोहर ने कल पीसीबी अध्यक्ष से बात करके उन्हें पाकिस्तानी टीम को भारत में सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन दिया। इससे पहले पीसीबी ने धर्मशाला में होने वाले मैच को लेकर बनी अनिश्चितता के बारे में आईसीसी को पत्र लिखा था।
मनी ने कहा, अगर यह मैच आस्ट्रेलिया को खेलना होता तो अभी तक वे खेलने से इनकार कर चुके होते। उन्होंने कहा कि पीसीबी को भी साफ तौर पर कहना चाहिये कि वे धर्मशाला में नहीं खेलना चाहते।
इससे पहले BCCI ने हिमाचल प्रदेश सरकार की निंदा की थी जिसने जनवरी में भारतीय सेना के ठिकाने पर हुए हमले का हवाला देकर इस मैच की सुरक्षा मुहैया कराने में असमर्थता जताई है।
पीसीबी सूत्रों ने बताया कि वैकल्पित वेन्यू के तौर पर शहरयार खान और मनोहर ने कल मोहाली और कोलकाता पर बात की लेकिन अभी कुछ तय नहीं हुआ है।
Latest Cricket News