आईपीएल के उद्घाटन समारोह का सबको ही बेसब्री से इंतज़ार था क्योंकि इस समारोह में ऋतिक रोशन, अनुष्का शर्मा,शाहिद कपूर,फरहान अख्तर और संगीतकार प्रीतम जैसी कई फिल्मी हस्तियां मनोरंजन करने वाली थी। हालंकि बारिश ने रंग में भंग मिलाने की कोशिश की लेकिन सितारों ने ऐसा धमाल मचाया कि लोग सब भूल कर झूमने को मजबूर हो गए।
समारोह की शुरुआत संगीतकार प्रीतम की परफॉर्मेंस से हुई हालंकि इस समारोह की सबसे बड़ी आकर्षण अनुष्का शर्मा थी। जैसे ही वह स्टेज पर आई तभी दर्शकों ने ज़ोर ज़ोर से 'कोहली, कोहली' की आवाज लगानी शुरु कर दी। रॉयल चैलेंजर्स के कप्तान कोहली खुद उनकी प्रस्तुति देखने के लिए वीवीआईपी बॉक्स में थे। अनुष्का की 10 मिनट की प्रस्तुति खत्म होने के तुरंत बाद कोहली बॉक्स से बाहर निकल गए। सभी टीम्स के कप्तानो को मंच पर बुलाया गया लेकिन धोनी, कोहली और गंभीर के लिए सबसे ज्यादा तालियां बजीं।
बड़े पर्दे के सुपरस्टार ऋतिक रोशन की परफॉर्मेंस आखिरी थी उन्होंने कहो न प्यार है, बैंग बैंग और धूम 2 के गानों पर अपनी ज़बरदस्त परफॉर्मेंस से लोंगो का खूब उत्साह बढ़ाया। अपने शानदार डांस से लोगों का मनोरंजन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से तोहफे में मिला स्कार्फ पहन कर डांस किया।
इसके बाद शाहिद कपूर ने अपनी धमाकेदार एंट्री संगीतकार बप्पी लाहिड़ी की धुनों पर एक मोटरसाइकल पर सवार होकर की और खूब वाबवाही लूटी। इस समारोह के प्रेजेंटर सैफ अली खान ने मंच संभालने के साथ कहा, 'बारिश हो या साफ मौसम, जश्न जारी रहेगा, यही क्रिकेट के प्रति हमारा प्यार है। अब मॉनसून, गर्मी, सर्दी और वसंत के अलावा हमारे पास एक नया मौसम है और वह आईपीएल का मौसम है।'
इस रंगारंग कार्यक्रम और स्टेडियम में हो रही खूबसूरत आतिशबाजियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। दर्शकों ने फरहान अख्तर की फिल्में 'रॉक ऑन' और ज़िदगी न मिलेगी दोबारे के गानों का भी लुत्फ उठाया।
Latest Cricket News