कानपुर: टी20 सिरीज़ के पहले मैच में गुरुवार को हार का कारण बताते हुए कप्तान विराट कोहली ने कहा कि इंग्लैंड की सधी हुई बॉलिंग की वजह से हम हारे न कि हमारी बल्लेबज़ी की वजह से। इस मैच में इंडिया सिर्फ 147 रन का ही लक्ष्य रख पाई थी जिसे इंग्लैंड ने तीन विकेट खोकर आसानी से प्राप्त कर लिया।
मैच के बाद मीडिया से बात करते हुए कोहली ने कहा कि इंग्लैंड के बॉलर्स लेंथ बॉल कर रहे थे जिस पर रन बनाना आसान नहीं था और इंग्लैंड जीत की हक़दार थी। उन्होंने कहा कि 147 के स्कोर को बचाना इस तरह के विकेट पर बहुत मुश्किल था। अगर हमने 30-40 रन और बनाए होते तो फिर भी हम मुक़ाबला कर सकते थे लेकिन कुछ ख़राब शॉट्स की वजह से हम 25-30 रन पीछे रह गए।
पारी की शरुआत करने के फ़ैसले के बारे में कोहली ने कहा कि अगर रोहित शर्मा होते तो वो ही राहुल के साथ ओपन करते लेकिन उनकी ग़ैरमौजूदगी में मुझे ओपन करना पड़ा क्योंकि और किसी को ओपन करने का अनुभव नहीं था। ''मेरी इनिंग ओपन करने की कोई ख़्वाहिश नही है, IPL का अनुभव था इसलिए ओपन किया वर्ना मैं तो नंबर तीन पर बैटिंग करता हूं। किसी अनुभवहीन से ओपन कराना उसके साथ नाइंसाफी होती।''
कानपुर में कोहली और लोकेश की जोड़ी ठोस बुनियाद रखने में नाकाम रही। लोकेश का खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रहा और वे 9 बॉल पर केवल 8 रन बनाकर आउट हो गए। कोहली ने भी निराश किया और केवल 29 रन पर चलते बने।
इस मैच में जीत के साथ ही इंग्लैंड तीन मैच की सिरीज़ में 1-0 से आगे हो गई है। दूसरा मैच नागपुर में रविवार को होना है।
Latest Cricket News