1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 2016 में इंग्लैंड की टीम में शायद ठहराव आ गया: कुक

2016 में इंग्लैंड की टीम में शायद ठहराव आ गया: कुक

भारत के ख़िलाफ़ पांचवे टेस्ट में हारने के बाद इंग्लैंड के कप्तान एलेस्टेयर कुक ने स्वीकार किया कि पिछले 12 महीनों में टीम में ठहराव आ गया है लेकिन कहा कि वह अपनी कप्तानी को

Alastair Cook- India TV Hindi
Alastair Cook

भारत के ख़िलाफ़ पांचवे टेस्ट में हारने के बाद इंग्लैंड के कप्तान एलेस्टेयर कुक ने स्वीकार किया कि पिछले 12 महीनों में टीम में ठहराव आ गया है लेकिन कहा कि वह अपनी कप्तानी को लेकर जल्दबाज़ी में कोई फ़ैसला नही करेंगे।

ग़ौरतलब है कि इंग्लैंड पांच टेस्ट मैचों की सिरीज़ 4-0 से हारा है। पांचवे मैच में उसे फिर पारी से हार का मुंह देखना पड़ा।

मैच के पांचवें दिन लंच के बाद कुक (49) के आउट होने के बाद विकटों की झड़ी लग गई थी। इंग्लैंड के दस विकेट 104 रन पर गिर गए। अंतिम छह विकेट तो सिर्फ 15 रन ही जोड़ पाए और इंग्लैंड पारी और 75 रन से हार गया।

2016 में इंग्लैंड ने 17 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमे से उसे 8 में हार का मुंह देखना पड़ा।

यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी कप्तानी में टीम में ठहराव आ गया है, कुक ने कहा, ''आप जो चाहे कह सकते हैं, अगर में हार के लिए सबकी आलोचना करने लगूं तो इसका मतलब होगा कि मैं अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहा हूं। जब आप टेस्ट मैच हारते हैं तो आपकी आलोचना होती है और आपको इसका बहादुरी से सामना करना चाहिये।''

कुक ने अब तक 59 टेस्ट मैचों में कप्तानी की है और 22 में इंग्लैंड हारा है। इस तरह वह माइकल आर्थर्टन से आगे निकल गए हैं जिनकी कप्तानी में इंग्लैंड सबसे ज़्यादा टेस्ट मैच हारा था।

कुक ने कहा कि वह कप्तानी को लेकर बाद में फ़ैसला करेंगे। नये साल में उनकी टीम डायरेक्टर एंड्रू स्ट्रॉस के साथ मीटिंग होनी है।

उन्होंने कहा, "मैं पहले घर लौटना चाहूंगा, क्रिसमस का आनंद लेना चहूंगा और फिर जनवरी में स्ट्रॉस के साथ बैठकर तय करुंगा कि इंग्लैंड के लिए क्या बेहतर है।''

Latest Cricket News