इंग्लैंड ने शनिवार को पांचवें और अंतिम वनडे मुकाबले में श्रीलंका को 122 रनों से पीटते हुए वनडे क्रिकेट सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। इस मैच में जो रूट (93) और जोस बटलर (70) ने पहले शानदार बल्लेबाज़ी की और बाद में गेंदबाजों ने रहीसही कसर पूरी कर दी।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फ़ैसला किया था जो उल्टा पड़ गया। मेज़बान इंग्लैंड ने सात विकेट पर 324 रनों का स्कोर खड़ा कर लिया। जेसन रॉस (34) और जेम्स विन्स (51) की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी। इसके बाद जो रूट और बटलर ने शानदार बल्लेबाजी से टीम को बड़े स्कोर की तरफ बढ़ाया। रूट ने नुवान प्रदीप की गेंद पर बोल्ड होने से पहले 106 गेंदों पर 93 रनों की लाजवाब पारी खेली। जोस बटलर ने 45 गेंदों में सात चौकों और एक छक्के की मदद से 70 रनों की आतिशी पारी खेली जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
जवाब में श्रीलंका महज 202 रनों पर ही लुड़क गई। दिनेश चांडीमल (52) और दनुष्का गुणतिल्का (48) ही क्रीज पर टिक कर बल्लेबाजी कर सके। श्रीलंका के पांच बल्लेबाज तो दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
इंग्लैंड के डेविड विली 34 रन देकर चार विकेट और लियाम प्लंकेट ने 44 रन देकर तीन विकेट लिये और श्रीलंका को मैच में टिकने ही नही दिया। सीरीज का पहला मैच टाई रहा था जबकि तीसरा मैच बेनतीजा रहा था। बाकी तीनों मैच जीतते हुए इंग्लैंड ने सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया। सीरीज में कुल 316 रन बनाने वाले जेसन रॉय को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
रूट और बटलर ने पांचवें विकेट के लिए 109 रनों की शतकीय साझेदारी की। इसके अलावा कप्तान इयोन मोर्गन (20), जॉनी बेयरस्टो (22) और क्रिस वोक्स (नॉटआउट 17) ने भी टीम के लिए उपयोगी पारियां खेली। श्रीलंका की तरफ से दनुष्का गुणतिल्का सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 48 रन खर्च कर तीन सफलता हासिल की।
Latest Cricket News