सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर ब्रैड हॉग ने अपनी एक नई किताब में खुलासा किया है कि क्रिकेट से संन्यास लेने और अपनी शादी टूटने के बाद वह आत्महत्या करने के बारे में सोचने लगे थे। 2003 और 2007 में वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियन टीमों के सदस्य रहे हॉग ने कहा कि उनके पास 2007-08 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स से संन्यास लेने के अलावा और कोई चारा नहीं था क्योंकि अपनी पत्नी आंद्रिया से उनकी शादी टूटने की कगार पर थी।
खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अपनी आत्मकथा, 'द रॉन्ग अन' में इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने लिखा है कि कैसे उनके अगले तीन साल काफी तकलीफों भरे गुजरे। शादी टूटने के बाद वह शराब पीने लगे थे और उन्हें ऑफिस जॉब से कोई संतुष्टि भी नहीं मिलती थी। उन्होंने अपनी इस आत्मकथा में लिखा है, 'मैंने अपनी कार के फ्रीमैंन्टल पोर्ट बीच पर पार्क किया और टहलने के लिए निकल गया। मैंने समंदर की तरफ देखा और सोचा कि मुझे उस चट्टान तक जाना चाहिए, यदि मैं वापस आ गया तो ठीक, और न भी आ पाया तो कोई बात नहीं।'
उन्होंने लिखा है, 'मैं सब कुछ किस्मत पर छोड़ने के लिए तैयार था। मैंने चार बार ऐसा करन की सोची लेकिन नाकाम रहा। अच्छी बात यह है कि कुछ सोचना और उसे कर दिखाना दो अलग-अलग चीजें हैं।' हालांकि हॉग ने उसके बाद से खुलकर अपनी जिंदगी जी है और अभी तक क्रिकेट खेल रहे हैं। यहां तक कि 45 साल के हो चुके हॉग पिछले साल के आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खेल रहे थे।
Latest Cricket News