A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. गंभीर का इंतज़ार ख़त्म हो सकता है, खेल सकते हैं इंदौर टेस्ट में

गंभीर का इंतज़ार ख़त्म हो सकता है, खेल सकते हैं इंदौर टेस्ट में

इंदौर: पहले के.एल राहुल और फिर शिखर धवन के घायल होने की वजह से गौतम गंभीर के फिर से टेस्ट मैच खेलने की संभावनाएं काफी बढ़ गीं हैं। बल्लेबाज़ी कोच संजय बांगड़ ने भी कहा

Gautam Gambhir, Virat Kohli- India TV Hindi
Gautam Gambhir, Virat Kohli

इंदौर: पहले के.एल राहुल और फिर शिखर धवन के घायल होने की वजह से गौतम गंभीर के फिर से टेस्ट मैच खेलने की संभावनाएं काफी बढ़ गीं हैं। बल्लेबाज़ी कोच संजय बांगड़ ने भी कहा है कि गंभीर होम सिरीज़ में भारतीय टेस्ट टीम के लिये बेहद अहम साबित होगा।

राहुल को चोट लगने के कारण दिल्ली के बल्लेबाज़ गंभीर को टीम में दो साल बाद बुलाया गया था लेकिन कोलकता टेस्ट में धवन को मौक़ा दिया गया था हालंकि वह ज़्यादा कुछ नहीं कर पाए और घायल भी हो गए। ऐसे में अब टीम के पास शनिवार से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट मैच में उन्हें खिलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

बांगड़ ने कहा, ‘‘गौतम गंभीर महत्वपूर्ण खिलाड़ी है। टीम से बाहर रहने के दौरान उन्होंने अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी और राज्य की टीम की तरफ से अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद जब उन्हें दलीप ट्रॉफी में मौका मिला तो वे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और यह भी उन्होंने गुलाबी गेंद के खिलाफ बनाये जबकि कुछ बल्लेबाजों को उससे खेलने में दिक्कत आ रही थी. उसने खुद को पूरी तरह से तैयार रखा है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि केएल राहुल और शिखर धवन की चोट से यह तय हो गया है कि टीम में उनके लिये जगह है। उन्होंने स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ खुद को साबित किया है तथा हमने भारत में अभी जितने टेस्ट मैच खेलने हैं उसे देखते हुए वह शीर्ष क्रम में बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी बन जाता है।’’

भारत वर्तमान टेस्ट सीरीज के बाद इंग्लैंड, बांग्लदेश (एक टेस्ट) और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेगी। बांगड़ ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले दो मैचों में कप्तान विराट कोहली का रन नहीं बना पाना चिंता का विषय नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘उसने वेस्टइंडीज दौरे में बेहतरीन प्रदर्शन किया जहां उसने दोहरा शतक जमाया। यहां तक कि जमैका में भी उसने अच्छी बल्लेबाजी की थी जबकि त्रिनिदाद का मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। यदि आप कोलकाता में उसकी पारी (45 रन) पर गौर करो तो यह मैच के लिहाज से महत्वपूर्ण थी। भारत चार विकेट पर 45 रन बनाकर (दूसरी पारी में) जूझ रहा था जब उसने और रोहित शर्मा ने मिलकर टीम को उबारा।’’

बांगड़ ने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर कई अवसरों पर जितने रन बनने चाहिए उतने नहीं बनते हैं लेकिन छोटे छोटे योगदान से भी मदद मिलती है। उसने यही किया है. मुझे पूरा विश्वास है कि वह इन पारियों को बड़ी पारियों में तब्दील करने के लिये बेताब होगा।’’

बल्लेबाजी कोच ने कहा कि खुद पर विश्वास के कारण टीम मुश्किल परिस्थितियों में निबटने में सक्षम रही है। उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान टीम पिछले 12 से 15 महीनों से साथ में टेस्ट मैच खेल रहा है और उन्हें अपनी क्षमताओं पर पूरा विश्वास है. हम कभी किसी भी स्थिति में हार के बारे में सोचते।’’

बांगड़ ने कहा कि भले ही भारत ने सिरीज जीत ली है लेकिन वह अंतिम मैच में किसी भी तरह से ढिलायी नहीं बरतेगी। उन्होंने कहा, ‘‘स्कोर लाइन जो भी हो हम जीत के लक्ष्य से ही मैदान पर उतरेंगे।’’

Latest Cricket News