टीम इंडिया के स्टार हार्दिक पंड्या का आज जन्मदिन है. वह 11 अक्टूबर 1993 में गुजरात में पैदा हुए थे. पंड्या ने बहुत कम समय में वह मुक़ाम हासिल कर लिया जो बहुत कम लोग कर पाते हैं. हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ में हार्दिक मैन ऑफ द सिरीज़ रहे थे। वनडे और टी20 के बाद हार्दिक पंड्या ने इसी साल श्रीलंका में अपना पहला टेस्ट खेला था. चैंपियंस ट्रॉफ़ी फ़ाइनल में हार्दिक पंड्या ही एकमात्र ऐसे भारतीय खिलाड़ी थे जिन्होंने अपनी तूफ़ानी बल्लेबाज़ी से जहां एक तरफ पाकिस्तानी ख़ेमें में हडकंप मचा दी थी वहीं इंडियंस फ़ैंस की मायूसी को कुछ देर के लिए ही सही लेकिन दूर कर दी थी।
हार्दिक की बैटिंग और बॉलिंग दोनों में ग़ज़ब की आक्रामकता नज़र आती है. हम यहां आपको बताने जा रहे हैं हार्दिक के बारे कई रोचक बातें जो आप शायद न जानते हों।
ग़रीबी में बीता बचपन
पंड्या का शुरुआती जीवन ग़रीबी में बीता है. हार्दिक जब सिर्फ पांच साल के थे तभी उनके पिता को सूरत में कार फिनेंस का काम बंद करके बड़ोदरा शिफ़्ट होना पड़ा. वहां उन्होंने हार्दिक और उनके भाई कृणाल को किरण मोरे क्रिकेट अकादमी में दाख़िल करवा दिया। तब उनकी उम्र 5 और 7 साल थी. 2015 में मुंबई इंडियंस में जगह मिलने के बाद उनके परिवार के हालात सुधरे.
Hardik Pandya with brother
स्कूल के दिनों में हार्दिक नौवीं क्लास में फेल हो गए थे और इसके बाद वह पढ़ाई जारी नहीं रख सके और पूरा ध्यान क्रिकेट में लगा दिया।
ये तो सब जानते हैं कि टीम इंडिया के धाकड़ ओपनर रह चुके वीरेंद्र सहवाग एक समय पैसा लेकर अलग अलग टीमों से खेलते थे लेकिन शायद आपको ये नहीं पता कि हार्दिक पंड्या भी 400 रुपये में गुजरात के गांवों में आयोजित प्रतियोगिता में खेला करते थे. उन्होंने खुद एक बार बताया था, “प्रतियोगिता का नाम नहीं हुआ करता था, सब गांवों के बीच मैच होते थे। मैं खेलने का 400 रुपये लेता था जबकि मेरे भाई को 500 रुपये मिलते थे। इन पैसों से एक हफ़्ते तक आराम रहता था।”