एक अरब तीस करौड़ की आबादी वाले देश में हर किसी के दिल में जगह बनाना किसी तिलस्मी करिश्मे से कम नहीं है लेकिन ये करिश्मा किया है टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने। शांत स्वभाव, ग़ज़ब की क्षमताओं और कठिन परिस्थितियों में भी ठंडे दिमाग़ से फ़ैसले लेने की कुव्वत की वजह से 2007 से धोनी का नाम कैप्टन कूल पड़ गया था। क्रिकेट एक ऐसा खेल है जहां लोग एक पल में आपको अर्श पर बैठा देते हैं और दूसरे ही पल फ़र्श पर गिरा देते हैं ज़ाहिर है इसका असर खिलाड़ी पर पड़ता है लेकिन धोनी इनमें कभी नहीं रहे। कुछ भी हो, धोनी के चेहरे पर शिकन नहीं पड़ती लेकिन बक़ौल शायर साहिर लुधियानवी- ''मैं कोई पत्थर नहीं इंसान हूं, कैसे कह दूं ग़म से घबराता नहीं।"
धोनी पर ये शेअर एकदम ठीक बैठता है। उनकी ज़िंदगी में भी कई ऐसे लम्हें आए जब वह घबरा गए...टूट गए यहां तक कि उनकी आंखें भी गीली हो गईं। धोनी का आज 36वां जन्मदिन है और इस मौक़े पर हम उनकी ज़िंदगी को छू कर गए ऐसे छह लम्हों के बारे में बताने जा रहे हैं जब उनका दर्द आंसू बनकर छलक पड़ा।
1-वनडे में वेस्ट इंडीज़ के हाथों हार
टीम इंडिया इन दिनों वेस्ट इंडीज़ के दौरे पर है। पहला मैच बारिश में धुलने के बाद भारत ने अगले दोनों मैच जी लिए थे और सिरीज़ पर कब्ज़ें के लिए उसे चौथा मैच जीतना था। वेस्ट इंडीज़ ने भारत के सामने 199 का मामूली सा लक्ष्य रखा लेकिन भारत का टॉप ऑर्डर लड़खड़ा गया और हमेशा की तरह पूरे देश की नज़रे उम्मीदों के साथ धोनी की तरफ देखने लगीं। धोनी ने 50 रन बनाए भी लेकिन ये वनडे में सबसे धीमे बनाने वाला दूसरा अर्धशतक था। धोनी के आउट होने के बाद पूरी भारतीय टीम सिमट गई और भारत मैच हार गया। बताया जाता है कि हार से धोनी इतने दुखी थे कि उनकी आखों में आंसू आ गए।
2- सन्यास की घोषणा
भारत ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर थी। मेलबर्न में भारत ने टेस्ट ड्रॉ करवा लिया लेकिन सिरीज़ हार गया। टेस्ट के बाद धोनी ने ऐसा धमाका किया कि सब चौक गए। उन्होंने अचानक टेस्ट क्रिकेट से सन्यास लेने की घोषणा कर दी। धोनी ने जब अपने फ़ैसले के बारे में अपने साथी खिलाड़ियों को बताया तो पहले उन्हें विश्वास नहीं हुआ लेकिन जब सच्चाई घर कर गई तो उनकी आंखें नम हो गईं और ज़ाहिर है धोनी भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। सबने धोनी को बिदाई दी लेकिन जिस तरह से सुरेश रैना ने धोनी को अलविदा कहा उससे ज़्यादा भावुक और कुछ हो नहीं सकता था। रैना ने धोनी के साथ एक सेल्फ़ी ली जिसमें दोनों की डबडबाई आंखें और बिछोह का दर्द साफ देखा जा सकता है। टेस्ट क्रिकेट से सन्यास लेने के लिए शेर का जिगरा होना चाहिए और शेर-ए-दिल धोनी भी इस मौक़े पर अपने जज़बात छुपा नहीं सके।