हैदराबाद: भारत ने आज यहां बांग्लादेश के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच के पहले दिन लंच तक एक विकेट खोकर 86 रन बना लिए हैं। एकमात्र विकेट राहुल (2) के रुप में गिरा जिसे तस्कीन ने बोल्ड किया।
सुबह कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया लेकिन तस्कीन ने पारी के पहले ओवर की चौथी बॉल पर ही ओपनर राहुल को बोल्ड कर भारत को झटका दे दिया। इसके बाद मुरली विजय (45) और चेतेश्वर पुजारा (39) ने दूसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़े।
बांग्लादेश को एक और सफलता मिल सकती थी लेकिन उसने रन आउट का एक आसान सा मौक़ा गंवा दिया।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का 'फ्यूचर टूर प्रोग्राम' अस्तित्व में आने के करीब 15 वर्ष बाद भारत पहली बार बांग्लादेश के साथ घरेलू धरती पर कोई अंतर्राष्ट्रीय द्विपक्षीय मैच खेल रहा है।
इस मैच में चोट से हाल ही में उबरे अजिंक्य रहाणे, रिद्धिमान साहा और भुवनेश्वर कुमार की वापसी हुई है, वहीं करुण नायर और जयंत यादव को टीम में जगह नहीं मिली।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), मुरली विजय, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जड़ेजा, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, इशांत शर्मा
बांग्लादेश: मुश्फिकुर रहमान (कप्तान विकेटकीपर), सौम्य सरकार, तमीम इकबाल, मोमिनुल हक, महमुदुल्लाह, शाकिब अल-हसन, सब्बीर रहमान, मेहदी हसन मिराज, ताइजुल इस्लाम, तस्किन अहमद, कमरुल इस्लाम रब्बी।
Latest Cricket News