A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: लेंडल सिमंस ने कहा, मैंने हाथ आए मौके का भरपूर फायदा उठाया

IPL 2017: लेंडल सिमंस ने कहा, मैंने हाथ आए मौके का भरपूर फायदा उठाया

दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ शनिवार रात को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 45वें मैच में मुंबई इंडियंस के लिए 66 रनों की शानदार पारी खेल मैन ऑफ द मैच बने लेंडल सिमंस ने कहा कि उन्होंने हाथ आए अवसर को जाने नहीं दिया और इसका भरपूर फायदा उठाया।

Lendl Simmons | BCCI Photo- India TV Hindi
Lendl Simmons | BCCI Photo

नई दिल्ली: दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ शनिवार रात को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 45वें मैच में मुंबई इंडियंस के लिए 66 रनों की शानदार पारी खेल मैन ऑफ द मैच बने लेंडल सिमंस ने कहा कि उन्होंने हाथ आए अवसर को जाने नहीं दिया और इसका भरपूर फायदा उठाया। फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले गए इस मैच में मुंबई ने दिल्ली को 146 रनों से हराया। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने दिल्ली के सामने 213 रनों का मजबूत लक्ष्य रखा, जिसे जहीर खान की कप्तानी वाली टीम हासिल नहीं कर पाई और 66 रनों पर ही ढेर हो गई। इस मैच के लिए मुंबई की अंतिम एकादश में जोस बटलर की जगह शामिल हुए सिमंस ने कहा, ‘मैंने प्रैक्टिस में कड़ी मेहनत की। इसके लिए मैंने जिम में खूब पसीना बहाया, ताकि अपनी फिटनेस बरकरार रख सकूं। मैं अवसर का इंतजार कर रहा था और यह मुझे इस मैच में मिला। इस अवसर को मैंने जाने नहीं दिया और इसका भरपूर फायदा उठाया।’

सिमंस ने कहा, ‘बटलर की जगह मुझे लिया गया और यह मेरे लिए अच्छा था। मेरी योजना पहले 2 ओवरों में पैर जमाने की थी और इसके बाद अपने शॉट लगाने की। पावरप्ले में बल्लेबाजी करना और वह भी पार्थिव के साथ बहुत अच्छा था। पहले 2 ओवर धीमे थे और इसके बाद पिच पर थोड़ी ओस रही। इसके बाद खेलना आसान हो गया। पोलार्ड के साथ भी बल्लेबाजी अच्छी थी। हमारे दिमाग में कुल स्कोर नहीं बल्कि अच्छे रन रेट से खेलना और महत्वपूर्ण समय में विकेट नहीं गंवाना था।’

Latest Cricket News