A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC को साफ सुथरे विश्व टी20 की उम्मीद

ICC को साफ सुथरे विश्व टी20 की उम्मीद

मुंबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई के प्रमुख सर रोनी फ्लैनगन ने आज कहा कि देश में दो दिन बाद शुरू होने वाली विश्व टी20 चैंपियनशिप के दौरान भ्रष्ट गतिविधियों से निजात पाने

Sir Ronnie Flanagan- India TV Hindi
Sir Ronnie Flanagan

मुंबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई के प्रमुख सर रोनी फ्लैनगन ने आज कहा कि देश में दो दिन बाद शुरू होने वाली विश्व टी20 चैंपियनशिप के दौरान भ्रष्ट गतिविधियों से निजात पाने के लिये व्यापक व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि आईसीसी की पिछली प्रमुख प्रतियोगिताओं की तरफ खिलाडि़यों और अन्य द्वारा भ्रष्टाचार के संपर्क की जानकारी देने के लिये 24 घंटे चलने वाली टूर्नामेंट आधारित हाटलाइन तैयार कर दी है। सर फ्लैनगन ने हालांकि आगाह किया कि मानव प्रकृति के कारण इस खतरे को समूल नष्ट करना संभव नहीं हो सकता।

उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, विश्व टी20 चैंपियनशिप में महिला और पुरूष दोनों वर्गों में कुल 58 मैच होंगे और हमें उम्मीद है कि यह अविस्मरणीय अनुभव होगा। मेरी प्राथमिकता है कि टूर्नामेंट के आखिर में हम भ्रष्टाचार को लेकर नहीं बल्कि क्रिकेट और इस अनुभव के बारे में बातें करें। फ्लैनगन ने कहा, हमारा काम भ्रष्टाचार रोकना और उन लोगों की गतिविधियों में बाधा पहुंचाना है जो खेल को भ्रष्ट करने की कोशिश करते हैं। हम खिलाडि़यों, सहयोगी स्टाफ, मैच अधिकारियों के लिये शैक्षणिक कार्यक्रम में शामिल हैं और उन्हें बताते हैं कि वे किसी भी संदिग्ध संपर्क की जानकारी दें और यदि वे इस तरह के संपर्क की रिपोर्ट करने में नाकाम रहते थे तो फिर वे आईसीसी भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के अनुसार अपराध करते हैं।

फ्लैनगन ने कहा, हमने उन्हें छोटी बुकलेट दी है जो उनके बटुए में आ जाए। इसमें किसी भी समय संपर्क करने के लिये हाटलाइन नंबर भी है। हमारे पास टूर्नामेंट के लिये खास तौर पर 24 घंटे चलने वाली हाटलाइन है और एक अन्य हाटलाइन दुबई में हमारे कार्यालय में है। पिछले साल 450 रिपोर्ट मिली और हमने उन्हें गंभीरता से लिया। ये रिपोर्ट कई तरह की थी लेकिन हम केवल अफवाह पर कार्रवाई नहीं कर सकते।

उन्होंने कहा, मानव प्रकृति ऐसी होती है कि हो सकता है कि भ्रष्ट गतिविधियों को अंजाम देने वालों को पूरी तरह से खत्म नहीं किया जा सके। हम क्रिकेट में बेहद मुश्किल माहौल तैयार करना चाहते हैं ताकि उसे भ्रष्ट नहीं किया जा सके। आईसीसी की हाटलाइन के बारे में फ्लैनगन ने कहा, मैं दो भिन्न हाटलाइन के बारे में बात कर रहा हूं। इस टूर्नामेंट (आईसीसी विश्व टी20) के लिये हाटलाइन है जो कि भ्रष्टाचार रोधी अधिकारी का मोबाइल नंबर है और उन्हें निर्देश दिये गये हैं कि फोन चौबीसों घंटे खुला रहेगा। हमने पिछले विश्व कप (आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में 2015 में) में भी ऐसा किया था और हम प्रमुख प्रतियोगिताओं में ऐसा करते हैं।

उन्होंने कहा, इसके अलावा हमारी अपने कार्यालय दुबई में भी हाटलाइन है। ताकि टूर्नामेंट समाप्त होने पर यदि किसी के पास कोई जानकारी है तो वह उसे दे सकता है। हमने इसका नंबर सभी खिलाडि़यों, सहयोगी स्टाफ और अधिकारियों को दिया है। वे इसे कार्ड की तरह अपने बटुए में रख सकते हैं। यहां तक कि दुबई में यदि कोई हाटलाइन पर नहीं है तो संदेश रिकार्ड करवाया जा सकता है।

Latest Cricket News