A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC ने नारायण के गेंदबाजी एक्शन को कहा OK, फिलहाल नहीं खेल पाएंगे युवराज

ICC ने नारायण के गेंदबाजी एक्शन को कहा OK, फिलहाल नहीं खेल पाएंगे युवराज

वेस्टइंडीज के सुनील नारायण के गेंदबाजी एक्शन को आईसीसी ने मंजूरी दे दी है जिससे अब वह अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में गेंदबाजी कर सकते हैं।

IPL- India TV Hindi
IPL

दुबई: वेस्टइंडीज के सुनील नारायण के गेंदबाजी एक्शन को आईसीसी ने मंजूरी दे दी है जिससे अब वह अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में गेंदबाजी कर सकते हैं। उनकी आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने इससे राहत की सांस ली है। आईसीसी ने इसकी पुष्टि कर दी। उनके एक्शन की दोबारा जांच में पाया गया कि गेंद डालते समय उनकी कोहनी आईसीसी द्वारा निर्धारित 15 डिग्री की सीमा के भीतर मुड़ रही है। वहीं युवराज सिंह का शुरुआती मैचों में खेलना मुश्किल लग रहा है।

अंपायरों को अगर लगता है कि उनके एक्शन में खामी है तो वे फिर इसकी शिकायत कर सकते हैं। उनके एक्शन की दोबारा जांच 28 मार्च को चेन्नई के श्री रामचंद्र यूनिवर्सिटी सेंटर में की गई। नारायण के एक्शन की शिकायत सात नवंबर 2015 को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान की गई थी। वह अपने एक्शन पर काम करने के लिए एक साल से कैरेबियाई टीम से बाहर हैं।

वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें टी20 विश्व कप टीम में शामिल किया था लेकिन बाद में उन्होंने अपने गेंदबाजी एक्शन में अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण खुद नाम वापिस ले लिया था। उनके एक्शन की शिकायत 2014 चैम्पियंस लीग और 2015 आईपीएल के दौरान भी की गई थी। उनका दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 10 अप्रैल को खेलना संदिग्ध है क्योंकि अपने पिता की मौत के बाद वह वेस्टइंडीज लौट गए हैं।

आईपीएल के पहले दो सप्ताह नहीं खेल सकेंगे युवराज
सनराइजर्स हैदराबाद के हरफनमौला युवराज सिंह इंडियन प्रीमियर लीग में पहले दो सप्ताह नहीं खेल सकेंगे चूंकि वह अभी तक टी20 विश्व कप के दौरान लगी चोट से उबर नहीं सके हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के कोच टाम मूडी ने कहा, युवराज दो सप्ताह तक नहीं खेल सकेगा। हमें नहीं पता कि उसकी चोट कब तक ठीक होगी।

उन्होंने कहा, युवराज सिंह जैसा खिलाड़ी किसी भी टीम के लिए काफी अहम है। वह बल्ले से ही मैच विनर नहीं है बल्कि बीच के ओवरों में उपयोगी गेंदबाज भी है। नीलामी के समय ही हमें पता था कि हमें अपना मध्यक्रम मजबूत बनाना है। इसीलिए हमने युवराज और दीपक हुड्डा को चुना था।युवराज को आस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप में करो या मरो के मैच में बल्लेबाजी के दौरान चोट लगी थी।

Latest Cricket News