1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: मुंबई को हराकर गुजरात लायंस ने लगाई जीत की हैट्रिक

IPL: मुंबई को हराकर गुजरात लायंस ने लगाई जीत की हैट्रिक

आरोन फिंच के नाबाद अर्धशतक की मदद से गुजरात लायंस ने आज आईपीएल के बेहद रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर तीन विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

raina- India TV Hindi
Image Source : PTI raina

मुंबई: आरोन फिंच के नाबाद अर्धशतक की मदद से गुजरात लायंस ने आज आईपीएल के बेहद रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर तीन विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज घरेलू मैच में दूसरी बार नाकाम रहे और आठ विकेट पर सिर्फ 143 रन बना सके। जवाब में गुजरात लायंस ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की और उसकी जीत के सूत्रधार रहे फिंच के बल्ले से ही विजयी चौका लगा। इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 54 गेंद में सात चौकों और एक छक्के की मदद से 67 रन बनाए।

मुंबई के लिये मिशेल मैक्लीनागन ने चार ओवर में 21 रन देकर चार विकेट लिये लेकिन टीम को जीत तक नहीं ले जा सके। गुजरात की शुरूआत बेहद खराब रही और दूसरे ही ओवर में ब्रेंडन मैकुलम अपना विकेट गंवा बैठे जिन्हें जसप्रीत बुमरा ने हार्दिक पंड्या के हाथों लपकवाया। कप्तान सुरेश रैना 22 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हो गए। गुजरात ने 12वें ओवर में दिनेश कार्तिक (9) और अगले ओवर में ड्वेन ब्रावो (2) के विकेट गंवाये। पुछल्ले बल्लेबाजों में अक्षदीप नाथ (12) को छोड़कर कोई दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका।

आखिरी ओवर में गुजरात को जीत के लिये 11 रन की जरूरत थी। फिंच ने पहली गेंद पर दो और दूसरी गेंद पर एक रन लिया। क्रीज पर आये कुलकर्णी ने बुमरा को तीसरी गेंद पर चौका लगाया और अगली गेंद पर एक रन लिया। इसके बाद फिंच ने पांचवीं गेंद पर दो रन लिये और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

Latest Cricket News