1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अभिमन्यु ईश्वरन के दोहरे और अमोलप्रीत के शतक की मदद से इंडिया ए ने श्रीलंका ए पर कसा शिकंजा

अभिमन्यु ईश्वरन के दोहरे और अमोलप्रीत के शतक की मदद से इंडिया ए ने श्रीलंका ए पर कसा शिकंजा

भारत ए ने बीती रात के एक विकेट पर 376 रन के स्कोर से खेलना शुरू किया। ईश्वरन (233) 189 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, उन्होंने पहले ही सत्र में दोहरा शतक पूरा कर लिया।

अभिमन्यु ईश्वरन- India TV Hindi
Image Source : PTI दोहरा शतक जड़ने के बाद जश्न मनाते अभिमन्यु ईश्वरन

बेलगावि। अभिमन्यु ईश्वरन के दोहरे शतक और अमोलप्रीत सिंह के शतक की मदद से भारत ए ने रविवार को पहले अनधिकृत टेस्ट में श्रीलंका ए के खिलाफ पांच विकेट पर 622 रन बनाकर पारी घोषित की। दूसरे दिन स्टंप तक श्रीलंका ए की टीम चार विकेट पर 83 रन बनाकर मुश्किल में थी। वह भारत ए से अब भी 539 रन से पीछे है। अशान प्रियरंजन और निरोशन डिकवेला 22-22 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

इस विशाल स्कोर के जवाब में श्रीलंका ए ने संगीत कूरे (शून्य), सदीरा समरविक्रम (31), पथुम निसांका (06) और भनुका राजपक्षे (शून्य) के विकेट जल्दी गंवा दिये। संदीप वारियर ने कूरे और समरविक्रम के विकेट झटके जबकि शिवम दुबे ने निसांका और प्रियरंजन के विकेट हासिल किये। 

इससे पहले भारत ए ने बीती रात के एक विकेट पर 376 रन के स्कोर से खेलना शुरू किया। ईश्वरन (233) 189 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, उन्होंने पहले ही सत्र में दोहरा शतक पूरा कर लिया। उन्होंने अकिला धनंजय की गेंद पर पगबाधा आउट होने से पहले 321 गेंद की पारी के दौरान 22 चौके और तीन छक्के लगाये। 

ईश्वरन ने तीसरे विकेट के लिये अमोलप्रीत के साथ 82 रन की भागीदारी भी निभायी, जिन्होंने 165 गेंद में 11 चौकों की मदद से 116 रन बनाये। ईश्वरन के आउट होने के बाद अमोलप्रीत और सिद्धेश लाड ने पांचवें विकेट के लिये 147 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। सिद्धेश ने मैदान के चारों ओर रन जुटाये, उन्होंने 89 गेंद में छह चौके और एक छक्के से तेजी से 76 रन जुटाए।

Latest Cricket News