विशाखापट्टनम: न्यूजीलैंड के बल्लेबाज़ रोस टेलर का कहना है कि टेस्ट श्रृंखला में 0-3 से करारी हार के बाद उन लोगों ने 5 मैचों की वनडे श्रृंखला का शनिवार को होने वाला आखिरी और निर्णायक मैच जीतने के लिए कमर कस रखी है। न्यूज़ीलैंड ने रांची वनडे जीतकर सिरीज़ में बराबरी कर ली है।
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने न्यूजीलैंड क्रिकेट की वेबसाइट से कहा कि आप घर से बाहर विशेषकर उपमहाद्वीप में अक्सर श्रृंखला नहीं जीतते। यह समय वास्तव में दिलचस्प है। उम्मीद है कि हमने पहले जो प्रदर्शन किया इस बार उससे बेहतर खेल दिखाएंगे।
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ भारतीय सरजमीं पर कभी वनडे श्रृंखला नहीं जीती लेकिन रांची में चौथे वनडे में भारत पर 19 रन की जीत से जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे से लेकर विदेशी दौरों में व्यस्त केन विलियमसन की अगुवाई वाली टीम इस दौरे का शानदार अंत करने की स्थिति में पहुच गई है।
टेलर ने कहा कि हम 4 महीने से दौरे पर हैं और यह काफी मुश्किल है लेकिन निर्णायक मैच के लिए तैयार होना आसान है। हमने यहां श्रृंखला नहीं जीती है। हम इसके लिये तैयार हैं। हम जानते हैं कि यहां जीतने के लिये क्या करना है। भारत को घरेलू सरजमीं पर बेहतरीन टीम करार देते हुए टेलर ने कहा कि हमने पिछले 2 मैचों में जो प्रगति की उम्मीद है कि उसे बरकरार रखेंगे। उम्मीद है कि हम पिछले मैच का प्रदर्शन यहां भी दोहराने में सफल रहेंगे।
Latest Cricket News