दुबई: बांग्लादेश के खिलाफ वनडे श्रृंखला 1-2 से गंवाने के बावजूद भारत ने आईसीसी वनडे रैंकिंग में दूसरा स्थान बरकरार रखा है। हालांकि भारत को दो अंकों का नुकसान हुआ है जबकि बांग्लादेश एक स्थान के सुधार के साथ आईसीसी की हालिया रैंकिंग में सातवें स्थान पर पहुंच गया है।
मीरपुर में 2-1 से श्रृंखला जीतने के बाद बांग्लादेश के 93 अंक हो गये हैं। उसके अंक छठे स्थान पर काबिज इंग्लैंड से पांच अंक कम जबकि आठवें स्थान पर काबिज वेस्टइंडीज से पांच अंक अधिक है।
मशरफे मुतर्जा की टीम 88 अंकों और आठवें स्थान के साथ श्रृंखला खेलने उतरी थी। श्रृंखला में मिली जीत से उसे पांच अंकों का फायदा हुआ है।
भारत ने ऐसे खोया अपना अंक- ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर कायम
भारतीय टीम के पास 117 अंक थे लेकिन सीरीज हारने के बाद उसके 115 अंक हो गए। बांग्लादेश भारत के खिलाफ इस सीरीज की शुरुआत में (88) अंक लेकर आठवें स्थान के साथ उतरा था। इसके बावजूद टीम दूसरे स्थान पर बनी हुई है। विश्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया सबसे अधिक 129 अंक के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है। मामूली अंतर से न्यूजीलैंड तीसरे जबकि दक्षिण अफ्रीका चौथे स्थान पर बना हुआ है।
आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश ने 2017 के लिए भी लगभग क्वालिफाई कर लिया-
बंगलादेश इस जीत के साथ आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2017 के लिए भी लगभग क्वालिफाई कर चुका है, क्योंकि इंग्लैंड की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड सहित टॉप 7 टीमें हिस्सा लेंगी। 30 सितंबर 2015 तक टॉप 7 रैंक टीमों को आईसीसी टूर्नामेंट में क्वालिफाई करने का मौका मिलेगा। ऐसे में वेस्ट इंडीज का इससे बाहर होना तय है क्योंकि उसे टूर्नामेंट की अंतिम कटआफ तारीख तक कोई वनडे सीरीज नहीं खेलनी है जबकि पाकिस्तान को अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ 5 वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है।
Latest Cricket News