हैदराबाद: भारत के मुख्य कोच अनिल कुंबले ने आज यहां कहा कि भारत जब बांग्लादेश के खिलाफ भिड़ेगा तो बेहद सफल घरेलू सत्र की सफलता को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा। कुंबले ने साथ ही 20 विकेट चटकाने पर टीम की क्षमता पर भी जोर दिया।
कुंबले ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा, हमने इंग्लैंड के खिलाफ जहां छोड़ा उसे यहां जारी रखने की कोशिश करेंगे। अब तक घरेलू सत्र अच्छा रहा है। हम इससे आत्मविश्वास लेंगे और इसे आगे बढ़ाएंगे। इसके बाद भी हमें कुछ और टेस्ट मैच खेलने हैं, यह महत्वपूर्ण है कि हम लय जारी रखें और बांग्लादेश को देखें जिसने हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि हमें बांग्लादेश के खिलाफ कुछ अलग करने की जरूरत है। हमेें देखना होगा कि हम क्या हासिल करना चाहते हैं और हम कैसे इन लक्ष्यों को हासिल कर सकते हैं। जब तक हम ऐसा करते रहेंगे और उन अहम लम्हों को जीतते रहंेगे और समूह के भीतर अच्छा प्रदर्शन करेंगे, मुझे लगता है कि नतीजे हमारे पक्ष में रहेंगे।
भारतीय कोच ने कहा, इस टीम :बांग्लादेश: में काफी सुधार हुआ है। न्यूजीलैंड में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा, हालांकि नतीजे अलग रहे। निश्चित तौर पर हम विरोधी का सम्मान करते हैं। बांग्लादेश के पास कुछ स्तरीय खिलाड़ी हैं, अच्छे आलराउंडर, इसलिए यह रोमांचक मुकाबला होगा।
इस पूर्व कप्तान ने घरेलू सत्र में भारत की सफलता में तेज गेंदबाजों के योगदान और विरोधी को दो बार आउट करने की टीम की क्षमता पर भी जोर दिया।
Latest Cricket News