भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैच की सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी के दौरान स्टीव स्मिथ ने अपने कप्तान ऐरॉन फिंच को कुछ इस अंदाज में रन आउट करवाया कि हर किसी को पाकिस्तानी खिलाड़ियों के रन आउट की याद आ गई।
हुआ यह कि पारी के 9वें ओवर के दौरान स्टीव स्मिथ शमी की पांचवी गेंद पर प्वॉइंट की दिशा में शॉट खेलकर एक रन चुराना चाहते थे। शॉट खेलकर उन्होंने फिच को दौड़ने को कहा, लेकिन प्वॉइंट पर चौकन्ने खड़े जडेजा को देख स्टीव स्मिथ ने रन लेने से इनकार कर दिया। तब तक फिंच स्मिथ के छोर के नजदीक पहुंच गए थे। स्मिथ ने तब डाइव लगाकर अपने आप को आउट होने से बचाया। इस रन आउट के बाद फिंच काफी नराज दिखाई दिए।
हाल ही में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेली गई टी20 सीरीज में भी कुछ ऐसा ही रन आउट देखने को मिला था। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में इन दोनों टीमों के बीच टी20 मैच खेला जा रहा था तब सरफराज अहमद ने टीम के साथी खिलाड़ी इफ्तिखार अहमद को रन आउट करवाया था।
Latest Cricket News